पंजाब में भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर के बाहर धमाके की खबर है. इससे बीजेपी दफ्तर के बाहर अफरा-तफरी मच गई. इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
यह धमाका चंडीगढ़ के सेक्टर 37 में हुआ. पुलिस ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने में जुटी है. चंडीगढ़ पुलिस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यह ब्लास्ट बुधवार शाम पांच बजे हुआ. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की स्कैनिंग कर रही है. प्रथम दृष्टया पता चला है कि दोपहिया वाहन से दो शख्स उतरे और बम फेंक दिया.
सूत्रों का कहना है कि पंजाब बीजेपी दफ्तर के बाहर सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया है. मौके से छर्रे बरामद किए गए हैं. अभी ब्लास्ट के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
तस्वीरों में बीजेपी दफ्तर के बाहर गाड़ियों को देखा जा सकता है. पुलिस के अलावा दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची हुई हैं. इस इलाके को पुलिस ने सील कर दिया है.
ऐसा कोई इनपुट नहीं है कि बीजेपी दफ्तर निशाने पर था. इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है. इस ब्लास्ट में कार के शीशे नष्ट हो गए हैं. वहां मौजूद दो स्कूटर को भी नुकसान पहुंचा है.
सूत्रों का कहना है कि वीडियो से यह स्पष्ट है कि ये क्रूड बम ब्लास्ट नहीं था बल्कि ग्रेनेड ब्लास्ट था. पंजाब में पहले भी ग्रेनेड बरामद हो चुके हैं.