पंजाब में मोगा पुलिस ने जालंधर-अमृतसर बाईपास स्थित चल रहे कथित देह व्यापार के अड्डे पर मंगलवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने अकाली दल के एक पार्षद सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि मौके से 14 लड़कियों को बरामद किया गया है, इनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
कोठी के अंदर 'कोठा'
डीएसपी धर्मकोट जसविंदर सिंह के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बुगीपुरा चौकसे जालंधर-अमृतसर बाईपास की ओर जाने वाले हाईवे पर स्थित एक कोठी, जिसे 'डेविल जॉन होटल' के नाम से चलाया जा रहा था, में पिछले करीब तीन महीनों से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है.
पकड़ी गईं 14 लड़कियां, एक नाबालिग
सूचना के आधार पर थाना मैहना के एसएचओ गुरसेवक सिंह और पीसीआर इंचार्ज खेमचंद पाराशर की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कुछ सामान बरामद हुए. इसके अलावा जालंधर, लुधियाना, फरीदकोट और मोगा से लाई गई 14 लड़कियां भी मौके से पकड़ी गईं.
होटल के मालिक अकाली दल के पार्षद
पुलिस ने चार युवकों को भी गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर वहां मौजूद थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस होटल का मालिक मोगा शहर का 28 नंबर वार्ड के अकाली दल के पार्षद जगजीत सिंह उर्फ जीता है, जो अपने साथियों लखविंदर सिंह और बलविंदर सिंह निवासी रामूवाला के साथ मिलकर इस अवैध गतिविधि को चला रहा था. पुलिस ने पार्षद सहित सात लोगों के खिलाफ इम्मोरल ट्रैफिकिंग एक्ट, पॉक्सो एक्ट और धारा 143 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है. नाबालिग पीड़िता को अदालत में पेश कर धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाने और मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
Input: तनमय समांता