अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल अमृतसर आए. यहां उन्होंने पंजाब की जनता के सामने 5 बड़े ऐतिहासिक एलान किए हैं. इन घोषणाओं में अमृतसर में माता सीता और लव-कुश का भव्य मंदिर बनाना शामिल है. इसके साथ ही 1 अगस्त से पूरे पंजाब में 'हमारे राम' नाटक का मुफ्त मंचन होगा. राज्य के 22 शहरों में शिव भजन संध्या सजेगी. पटियाला के काली माता मंदिर के पुनर्विकास पर 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. मुफ्त तीर्थ यात्रा योजना में खाटू श्याम जी, हरिद्वार, मथुरा के नए रूट जोड़े जाएंगे.
अरविंद केजरीवाल ने पहली खुशखबरी देते हुए कहा कि अमृतसर की धरती बेहद पवित्र है. यह वही स्थान है जहां वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी. माता जानकी यहीं रही थीं. लव-कुश का जन्म इसी पावन भूमि पर हुआ था. इसी इतिहास को सम्मान देते हुए अब सरकार यहां माता सीता और लव-कुश का भव्य मंदिर तैयार करवाएगी. यह कदम दुनिया भर के राम भक्तों के लिए एक बड़ा तोहफा है.
22 शहरों में गूंजेंगे शिव जी के भजन
अरविंद केजरीवाल ने दूसरी खुशखबरी देते हुए कहा कि भक्ति के इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए सरकार अब 'एक शाम भगवान शिवजी के नाम' कार्यक्रम का दायरा बढ़ाने जा रही है. जालंधर के बाद यह शानदार भजन संध्या अब पंजाब के सभी 22 शहरों में आयोजित की जाएगी. लोगों की भक्ति भावना को ध्यान में रखकर इस तरह के आयोजन करने वाली यह पहली सरकार है.
80 करोड़ से संवरेगा पटियाला का काली माता मंदिर
अरविंद केजरीवाल ने तीसरी खुशखबरी देते हुए कहा कि पटियाला के ऐतिहासिक काली माता मंदिर को लेकर बड़ा फैसला हुआ है. इस मंदिर के पुनर्विकास पर पंजाब सरकार 80 करोड़ रुपये खर्च कर रही है. इसका काम इस साल सितंबर तक पूरा हो जाएगा. तैयार होने के बाद यह पूरे उत्तर भारत का सबसे बड़ा मंदिर बनकर सामने आएगा, लोगों से अक्टूबर के बाद यहां दर्शन करने की अपील की गई है.
फ्री तीर्थ यात्रा में जुड़ेंगे तीन नए रूट
अरविंद केजरीवाल ने चौथी खुशखबरी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का फायदा अब ज्यादा लोगों को मिलेगा. अभी तक यह यात्रा दो रूट पर चल रही थी. 1 अगस्त से इसमें तीन नए रास्ते जोड़े जा रहे हैं. अब श्रद्धालु सालासर-खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन मुफ्त जा सकेंगे. इस नई शुरुआत से करीब डेढ़ लाख यात्रियों को शानदार एसी बसों, होटलों के साथ पूरी तरह मुफ्त सफर करने का मौका मिलेगा.
पंजाबियों के लिए फ्री होगा 'हमारे राम' नाटक
अरविंद केजरीवाल ने पांचवीं खुशखबरी देते हुए कहा कि 1 अगस्त से पूरे पंजाब में 'हमारे राम' नाम के नाटक का मंचन शुरू होने जा रहा है. इसमें भगवान राम-रावण के बीच के कई अनसुने संवाद दिखाए जाएंगे. दिल्ली में इस नाटक का टिकट 8000 रुपये का था. पंजाब की जनता के लिए इसके सभी शो पूरी तरह फ्री रहेंगे. इसमें मशहूर कलाकार आशुतोष राणा मुख्य भूमिका निभा रहे हैं.