scorecardresearch
 

'भाजपा और ईडी के अत्याचारों के आगे कभी नहीं झुकेगा पंजाब', संजीव अरोड़ा रेड पर बोले अरविंद केजरीवाल

संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड के बाद अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और भाजपा में शामिल कराने के लिए किया जा रहा है. केजरीवाल ने कहा कि पंजाब भाजपा के दबाव में नहीं झुकेगा और 2027 में जनता जवाब देगी.

Advertisement
X
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा-ईडी गठजोड़ को खत्म करेगा पंजाब (Photo: ITG)
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा-ईडी गठजोड़ को खत्म करेगा पंजाब (Photo: ITG)

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की रेड पड़ने पर भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ईडी के सहारे भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब को ललकारा है. पंजाब न पहले झुका था और न अब झुकेगा. पंजाब ही भाजपा और ईडी के बीच अनैतिक गठजोड़ को खत्म करेगा. पंजाब गुरुओं की धरती है. पंजाब ने औरंगजेब को भी जवाब दिया था और अब 2027 के चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी को भी जवाब देगा. उन्होंने कहा कि अशोक मित्तल और संजीव अरोड़ा के घर एक साथ ईडी की रेड हुई थी. अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गए तो रेड बंद हो गई, लेकिन संजीव अरोडा ने इन्कार कर दिया तो फिर से रेड हो गई.

शनिवार को “आप” मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है. ईडी का काम है कि देश के अंदर अगर कहीं मनी लॉन्ड्रिंग हो रही है, तो उसको रोकना और उसकी जांच करना. अगर इस मकसद से ईडी अपनी कार्रवाई करे, तो हमें कोई परेशानी नहीं है. लेकिन जब से इस देश के अंदर प्रधानमंत्री मोदी राज आया है, सीबीआई भ्रष्टाचार को रोकने के लिए काम नहीं करती और न ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए काम करती है. वे सिर्फ और सिर्फ दूसरी पार्टियों को तोड़ने, उनके नेताओं को डराने-धमकाने और उन्हें भाजपा में शामिल कराने का काम करती हैं.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शनिवार सुबह से संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड चल रही है, यह भी उसी दिशा में एक कार्रवाई है. संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी कोई मनी लॉन्ड्रिंग की जांच करने नहीं आई है. संजीव अरोड़ा के यहां पिछले एक महीने के अंदर ईडी की यह दूसरी रेड है. इससे पहले 17 अप्रैल को ईडी आई थी और संजीव अरोड़ा के गुड़गांव, लुधियाना और दिल्ली के सभी ठिकानों पर रेड की. ये रेड तीन दिन चली. उन तीन दिनों की रेड में ईडी को क्या नहीं मिला, जो आज ढूंढने आए हैं. उसी वक्त अशोक मित्तल के यहां रेड हुई थी. उनके यहां भी तीन दिन रेड चली और उस रेड के बाद अशोक मित्तल ने भाजपा ज्वाइन कर ली. इसके बाद उनके यहां रेड खत्म हो गई और उनका सारा मामला रफा-दफा हो गया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'BJP का सुपारी किलर...', मंत्री संजीव अरोड़ा के घर हुई ED रेड पर भड़के CM मान

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संजीव अरोड़ा ने भाजपा ज्वाइन नहीं की. उस दिन संजीव अरोड़ा पर काफी दबाव डाला गया कि भाजपा ज्वाइन कर लो. अगर वे उस दिन भाजपा ज्वाइन कर लेते, तो शायद आज ईडी की रेड नहीं होती. आज ईडी की रेड उनको सबक सिखाने के लिए हुई है कि उन्होंने भाजपा ज्वाइन क्यों नहीं की. या तो भाजपा ज्वाइन कर लो, नहीं तो गिरफ्तार कर लिए जाओगे. इसलिए आज ईडी की रेड हुई है. यह बहुत ही दुख की बात है कि  प्रधानमंत्री मोदी के राज के अंदर एजेंसियों का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी खासतौर पर पंजाब को टारगेट कर रहे हैं. पंजाब के लोगों के साथ धक्का, नाइंसाफी और अन्याय किया जा रहा है. पंजाब के लोगों को कुचलने की कोशिश की जा रही है. पिछले 4 साल में मोदी जी ने पंजाब में पहले तीन काले कानून लाने की कोशिश की, लेकिन पंजाब के किसानों के विरोध के सामने मोदी जी को झुकना पड़ा. पिछले चार साल से ग्रामीण विकास का हजारों करोड़ रुपया, जिससे मंडियों और गांव-गांव की सड़कें बननी होती हैं, वह प्रधानमंत्री मोदी ने रोक दिया. पंजाब की पंजाब यूनिवर्सिटी को टेकओवर करने की कोशिश की गई. चंडीगढ़ को हरियाणा को ट्रांसफर करने और पंजाब से छीनने की कोशिश की जा रही है. पंजाब के पानी के ऊपर डाका डालने और बीबीएमबी को हथियाने की कोशिश की जा रही है. ऐसे ना जाने कितने मामले हैं, जहां केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के लोगों के साथ धक्का कर रहे हैं. अब पिछले कुछ दिनों से रोज बस एक ही खबर है कि आज ईडी ने यहां रेड कर दी, आज वहां रेड कर दी. जैसे ही बंगाल के चुनाव खत्म हुए, दिल्ली से ईडी की पूरी की पूरी टीम पंजाब के अंदर आ गई है. इनका मकसद कोई काला पैसा या मनी लॉन्ड्रिंग ढूंढना नहीं है.

Advertisement

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज से 10 साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ने खुद अपने भाषण में शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए थे. किसी देश का प्रधानमंत्री किसी के खिलाफ संगीन आरोप लगाए, तो यह छोटी बात नहीं है. किसी ऐरे-गैरे, भाजपा के किसी प्रवक्ता या छोटे नेता ने आरोप नहीं लगाए थे, बल्कि भारत के प्रधानमंत्री ने शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ आरोप लगाए थे. आज प्रधानमंत्री जी खुद उन्हें अपने हाथ से मुख्यमंत्री की शपथ दिला कर आए हैं. अमित शाह ने हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए थे, उनको भी इन्होंने असम का मुख्यमंत्री बना दिया. अजित पवार के खिलाफ प्रधानमंत्री ने खुद भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और उसके छह दिन के अंदर उनको महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बना दिए. 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ ईडी नहीं जाएगी, ईडी संजीव अरोड़ा के खिलाफ जाएगी. हिमंता बिस्वा सरमा को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, गिरफ्तार केजरीवाल को किया जाएगा. अजित पवार को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, गिरफ्तार मनीष सिसोदिया को किया जाएगा, क्योंकि उन सब ने भाजपा ज्वाइन कर ली. इनका मकसद देश से भ्रष्टाचार दूर करना या मनी लॉन्ड्रिंग रोकना नहीं है. इनका मकसद केवल दूसरी पार्टियों के नेताओं को तोड़कर भाजपा में शामिल करवाना है. आज पंजाब के अंदर इनके पास चुनाव में खड़े करने के लिए नेता नहीं हैं. इसीलिए यह दूसरी पार्टियों को तोड़कर अपनी पार्टी में शामिल कराने की कोशिश कर रहे हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में किया गिरफ्तार, AAP-BJP के बीच राजनीतिक टकराव तेज

अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को याद दिलाते हुए कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है. आज प्रधानमंत्री मोदी जो पंजाब के साथ अत्याचार कर रहे हैं, वह हमें कई सौ साल पहले के उस वक्त की याद दिलाता है जब औरंगजेब ने भारत के अंदर जगह-जगह अत्याचार करके कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया था. आज प्रधानमंत्री मोदी ने बेईमानी करके भारत के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है. उसके बाद औरंगजेब की नजर पंजाब के ऊपर पड़ी थी. पूरे देश पर बेईमानी से कब्जा करने के बाद अब मोदी जी की नजर भी पंजाब के ऊपर पड़ी है. औरंगजेब ने पंजाब के लोगों के साथ खूब अत्याचार किया था और प्रधानमंत्री मोदी भी पंजाब के लोगों के साथ खूब अत्याचार कर रहे हैं. लेकिन उस वक्त हमारे गुरु साहिबान ने औरंगजेब के अत्याचार और अन्याय का सामना किया और अपनी कुर्बानियां दी थीं. उनकी कुर्बानियों से प्रेरित होकर आज पंजाब के लोग खड़े होकर प्रधानमंत्री मोदी के अत्याचार और अन्याय का सामना करेंगे और पूरे देश को मोदी राज के अन्याय और अत्याचार से मुक्ति दिलाएंगे.

Advertisement

अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि 4 साल पहले जब आपने तीन काले कानून लाने की कोशिश की थी, तब भी आप पंजाब के साथ खिलवाड़ कर चुके हैं. आपको पंजाब के किसानों के सामने घुटने टेकने पड़े थे. आज आपने फिर पंजाब को ललकारा है, जिसे पंजाब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा. मैं प्रधानमंत्री मोदी से हाथ जोड़कर विनम्रता से निवेदन करता हूं कि पंजाब के साथ धक्काशाही करना बंद कीजिए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement