कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को तबीयत खराब होने के बाद मंगलवार देर शाम दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम फिलहाल इलाज में जुटी है. डॉक्टर अरूप बासु की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि फेफड़ों से संबंधित परेशानी के चलते उन्हें भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, सोनिया गांधी की स्थिति अभी ठीक है.
सूत्रों के मुताबिक उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी अस्पताल पहुंचे थे. कुछ समय बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अस्पताल ने निकल गए. राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी को इस साल जनवरी में भी सांस लेने में तकलीफ के कारण इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उस समय डॉक्टरों ने बताया था कि दिल्ली की सर्दी और वायु प्रदूषण के चलते उनका ब्रोन्कियल अस्थमा थोड़ा बढ़ गया था.
पिछले साल दिसंबर में सोनिया गांधी 79 साल की हो गईं. वह अभी राजस्थान से राज्यसभा की सदस्य हैं. उच्च सदन में आने से पहले वह पांच बार लोकसभा सांसद रह चुकी हैं. साथ ही कांग्रेस की दो बार अध्यक्ष भी रह चुकी हैं.
सोनिया गांधी सबसे लंबे वक्त, लगातार 10 साल तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहने का कीर्तिमान बना चुकी हैं. उन्होंने दिसंबर 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ा, जिसे उनके बेटे राहुल गांधी ने संभाला, लेकिन उन्हें एक बार फिर से राहुल के पद त्याग करने के बाद 2019 में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष का पदभार संभालना पड़ा था.