नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त एक्शन लेने की बात कही. इसके साथ ही पीएम ने ऐलान किया कि पेपर मामले की जल्द सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने की बात कही. प्रधानमंत्री के बयान पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन सरकार इसमें कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है. सिस्टम से बच्चों और छात्रों का भरोसा टूट गया है, अब सरकार के भरोसे का क्या करें?
प्रियंका गांध ने कहा कि छात्रों का सिस्टम से भरोसा टूट गया है, जब भरोसा ही नहीं रहा, तो उसी सिस्टम का दिया हुआ समाधान बच्चे कैसे स्वीकार करेंगे?
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह बात हर मां-बाप समझते हैं और हमारे प्रधानमंत्री और सरकार को भी समझनी चाहिए, अगर सरकार समाधान चाहती है, तो पहले बच्चों की बात सुने और उनकी मांगें पूरी करे.
प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को घेरा
प्रियंका गांधी कहा कि आज देश के हजारों छात्र सड़कों पर हैं, इंडिया गेट पर हैं, जंतर-मंतर पर हैं और पूरे देश में प्रदर्शन कर रहे हैं, ऐसे समय में नेताओं को अपना डर छोड़कर जनता की बात सुननी पड़ेगी.
प्रियंका ने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज हुआ, कई घायल हुए। कल रात उन्हें पीटा गया और सुबह ट्वीट करके कहा गया कि बच्चों की चिंता है. अगर सच में चिंता है, तो लाठी क्यों चली? आंसू गैस क्यों छोड़ी गई?
प्रियंका ने कहा कि बच्चों को बुलाइए, उनसे बात कीजिए और उनकी बात सुनिए. अगर सरकार भरोसा वापस लाना चाहती है, तो सिस्टम से बाहर निकलकर कुछ ठोस कदम उठाने होंगे. पहला कदम शिक्षा मंत्री का इस्तीफा होना चाहिए.
पीएम मोदी का फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पेपर लीक के सभी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की घोषणा की. पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने और केस के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा..
पीएम मोदी ने कहा कि इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करें. उन्होंने फैसले को छात्रों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. पीएम मोदी ने ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सुरक्षित करने के लिए सरकार की ओर से लिए जा रहे निर्णयों की श्रृंखला में ये एक महत्वपूर्ण कदम है. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
पीएम मोदी के बयान पर राहुल ने उठाया सवाल
पीएम मोदी के बयान के बाद भी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) राहुल गांधी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं. राहुल गांधी ने कहा कि आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाया है. आपने हमारी शिक्षा व्यवस्था पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया. उसे बढ़ावा भी दिया और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया.
राहुल गांधी ने आगे कहा कि छात्रों की मांगें साफ हैं कि धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाएं. छात्रों से माफी मांगें और छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें.