scorecardresearch
 

JNU केस: पूर्व प्रोफेसर बिमोल अकोइजाम से दिल्ली पुलिस ने 5 घंटे की पूछताछ

JNU के पूर्व प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम ने यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस के नोटिस का ईमेल के जरिए जवाब दिया था. उन्होंने कहा था कि वह 15 अक्टूबर तक जांच में शामिल हो जाएंगे. जेएनयू ने आरोपों की जांच के बाद 9 अक्टूबर को उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया था.

Advertisement
X
इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. (File Photo- PTI)
इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. (File Photo- PTI)

जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम से गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने करीब पांच घंटे तक पूछताछ की. पूछताछ के बाद वह दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ थाने से बाहर निकले. पुलिस ने उन्हें जेएनयू में यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े मामले में जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया था.

अकोइजाम ने इससे पहले ईमेल के जरिए दिल्ली पुलिस को जवाब भेजा था. उन्होंने कहा था कि वह 15 अक्टूबर को जांच में शामिल होंगे. किसी वजह से उस दिन उपस्थित नहीं हो पाने की स्थिति में उन्होंने 16 अक्टूबर को आने की बात कही थी.

अंगोमचा बिमोल अकोइजाम जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफेसर थे. यूनिवर्सिटी ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद 9 अक्टूबर को उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया था.

बता दें कि इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायत की थी. शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि प्रोफेसर बैठकों या अन्य कार्यक्रमों के बहाने छात्राओं को अपने कैंपस स्थित आवास पर बुलाते थे और उनके साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश करते थे. कुछ छात्राओं ने कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया था. हालांकि, अकोइजाम इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं.

Advertisement

जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने अकोइजाम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी. इसमें यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने से संबंधित आरोप शामिल हैं. पुलिस इस मामले में आरोपों की जांच कर रही है.

इससे पहले इंफाल से दिल्ली रवाना होने के दौरान अकोइजाम ने कहा था कि उन्हें न्याय मिलने का भरोसा है. उन्होंने इसे अपने लोगों के साथ दशकों से होते आ रहे अन्याय के खिलाफ लड़ाई की शुरुआत बताया था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement