दिल्ली पुलिस ने AI समिट के दौरान शर्टलेस प्रोटेस्ट करने के मामले में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है. कांग्रेस के एक सांसद ने आजतक को बताया कि मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे उदय भानु को पुलिस ने गिरफ्तार किया. उन्हें पुलिस तिलक मार्ग थाने में रखा गया है. पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सीआरपीएफ और दिल्ली पुलिस के जवान गेट पर तैनात हैं. हालांकि, इस मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
गिरफ्तारी से पहले दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को हिरासत में लेकर करीब 20 घंटे तक पूछताछ की. कांग्रेस ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है. तिरुवल्लुर के सांसद शशिकांत सेंथिल ने X पर पोस्ट किया, '20 घंटे से अधिक पूछताछ के बाद, दिल्ली पुलिस ने बेशर्मी से उदय भानु को सुबह 4 बजे गिरफ्तार कर लिया. हमें उदय और यूथ कांग्रेस के योद्धाओं पर गर्व है. देश के युवाओं के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी.' AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट के मामले में अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों और सदस्यों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा की. उन्होंने कहा, 'सरकार यह भूल गई है कि विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का मूल तत्व है, अपराध नहीं. इंडियन यूथ कांग्रेस के हमारे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार को बहादुरी से उजागर किया. उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था, बिना किसी हिंसा को भड़काए. हम मांग करते हैं कि उन सभी को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगे सभी आरोप वापस लिए जाएं.'
AI समिट में क्या हुआ था?
पुलिस ने सोमवार को AI समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के एक और सदस्य को ग्वालियर से गिरफ्तार किया था. अधिकारियों के अनुसार, आरोपी जितेंद्र सिंह यादव (उम्र करीब 30 वर्ष) को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि 3 से 4 अन्य आरोपी अभी रडार पर हैं.
पुलिस के अनुसार, नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट के दौरान 20 फरवरी को यूथ कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रोटेस्ट किया था. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी जैकेट और स्वेटर के नीचे नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहने हुए थे.
भारत मंडपम के हॉल नंबर-5 में प्रवेश करने के बाद आरोपियों ने अपनी कमीज उतार दी और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की. मौके से चार आरोपियों- कृष्णा हरि (यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव), कुंदन यादव (बिहार यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव), अजय कुमार (यूपी यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष) और नरसिंह यादव (यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय समन्वयक) को गिरफ्तार किया गया था. अदालत ने 21 फरवरी को उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए टी-शर्ट और पोस्टर एक गिरफ्तार आरोपी की कार से बरामद किए गए हैं.