तमिलनाडु में टीवीके (TVK) की सरकार बनने के साथ ही राज्य की राजनीति में एक नया चेहरा तेजी से चर्चा में आ गया है. शिवकाशी से विधायक बनीं एस कीर्तना (S Keerthana) ने रविवार को मंत्री पद की शपथ ली. पार्टी प्रमुख विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही कीर्तना को भी नई कैबिनेट में शामिल किया गया. चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में एन आनंद, आधारव अर्जुन, केए सेंगोट्टैयन, पी वेंकटरामनन, आर निर्मलकुमार, राजमोहन, टीके प्रभु और केजी अनुराज ने भी मंत्री पद की शपथ ली.
शपथ ग्रहण के बाद एस कीर्तना ने कहा कि नई सरकार सुशासन की मिसाल पेश करेगी. उन्होंने कहा, 'यह अविश्वसनीय है क्योंकि किसी दूसरे राज्य में शायद ऐसा कैबिनेट देखने को नहीं मिलेगा. हमें जो मौका मिला है, उससे हम दुनिया को दिखाएंगे कि सरकार कितनी बेहतर तरीके से चलाई जा सकती है.'
कौन हैं एस कीर्तना ?
एस कीर्तना तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले की शिवकाशी विधानसभा सीट से विधायक चुनी गई हैं. शिवकाशी को ‘फायरवर्क्स कैपिटल ऑफ इंडिया’ कहा जाता है और यह पटाखा, माचिस और प्रिंटिंग उद्योग के लिए देशभर में प्रसिद्ध है. 29 वर्षीय कीर्तना विजय सरकार की सबसे युवा मंत्री हैं. उन्होंने 2026 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अशोकन जी को 11,670 वोटों से हराया. वह शिवकाशी से पहली महिला विधायक बनी हैं और उनके चुनाव जीतने के साथ ही इस सीट पर करीब 70 साल से चले आ रहे पुरुष वर्चस्व का अंत हो गया.
कीर्तना विजय कैबिनेट की इकलौती महिला मंत्री भी हैं. कई भाषाओं में दक्ष कीर्तना अपनी हिंदी पर मजबूत पकड़ को लेकर भी चर्चा में हैं. तमिलनाडु जैसे राज्य में, जहां भाषा का मुद्दा हमेशा संवेदनशील और राजनीतिक रूप से अहम रहा है, वहां उनकी धाराप्रवाह हिंदी बोलने की क्षमता खास ध्यान खींच रही है. चुनाव जीतने के बाद कीर्तना ने कहा था कि वह हिंदी इसलिए बोलती हैं ताकि पार्टी और उसके नेता का संदेश राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर तक पहुंच सके.
कीर्तना की शिक्षा और राजनीतिक सफर
एस कीर्तना ने मदुरै स्थिति कामराज यूनिवर्सिटी से संबद्ध कॉलेज से मैथ में बीएससी की पढ़ाई और 2019 में पुडुचेरी यूनिवर्सिटी से स्टैटिस्टिक्स में एमएससी किया है. राजनीति में आने से पहले कीर्तना पॉलिटिकल एडवाइजर के तौर पर काम कर चुकी हैं. वह चुनावी रणनीति और जमीनी स्तर पर राजनीतिक जनसंपर्क से जुड़ी रही हैं. टीवीके के शुरुआती दौर में भी उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर अहम भूमिका निभाई. खासकर युवाओं को पार्टी से जोड़ने, सोशल मीडिया कम्युनिकेशन और बूथ स्तर की रणनीति बनाने में उनकी सक्रिय भागीदारी बताई जाती है.
चुनाव कैम्पेन के दौरान उठाए अहम मुद्दे
विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कीर्तना ने शिवकाशी के विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा था कि इतने बड़े औद्योगिक और जोखिम वाले क्षेत्र में सिर्फ एक फायर स्टेशन होना गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया. पटाखा उद्योग से जुड़े श्रमिकों के लिए उन्होंने बीमा सुविधा, महिलाओं को समान वेतन, नियमित हेल्थ चेकअप और जहरीले रसायनों के संपर्क में आने वाले कर्मचारियों के बेहतर इलाज का वादा किया था.
तमिलनाडु की राजनीति में नई शुरुआत
अभिनेता से राजनेता बने विजय ने रविवार को तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. इसे राज्य की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है. विजय ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि उनकी सरकार धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों पर काम करेगी. उन्होंने कहा, 'आइए, हम सब मिलकर तमिलनाडु को नई सरकार दें. यह एक नई शुरुआत है, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय के नए युग की शुरुआत.' विजय ने यह भी कहा कि उनकी सरकार झूठे वादों से बचेगी और केवल वही वादे करेगी जिन्हें पूरा किया जा सके.