scorecardresearch
 

Monsoon Updates: बिहार और मुंबई में कब होगी मॉनसून की एंट्री? मौसम विभाग ने दिया अपडेट

Monsoon 2026: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ते हुए उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में पहुंच चुका है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मुंबई में मॉनसून 11 से 13 जून के बीच पहुंच सकता है. वहीं, बिहार में भी 13-15 जून के बीच मॉनसून के पहुंचने की उम्मीद है. हालांकि, इस साल पूरे देश में औसत से थोड़ी कम बारिश होने का अनुमान है.

Advertisement
X
southwest monsoon 2026 latest updates (File Photo- ITG)
southwest monsoon 2026 latest updates (File Photo- ITG)

देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में अब मॉनसून पहुंच चुका है. अगले 3-4 दिनों में मॉनसून पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत को भी कवर कर लेगा. इससे बिहार और मुंबई सहित कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है. 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी तट पर मॉनसून अब मुंबई की दहलीज पर है और जल्द ही शहर में एंट्री कर सकता है. बता दें कि मुंबई में मॉनसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 10 जून है. वहीं, बिहार में मॉनसून के तय समय पर पहुंचने की उम्मीद है.

IMD के मुताबिक,  मॉनसून शेष पूर्वोत्तर राज्यों, पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है. उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में 13 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार में कब दस्तक देगा मॉनसून?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अनुकूल हवा और क्षेत्र में बने चक्रवाती सर्कुलेशन की वजह से मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. बिहार में भी जल्द मॉनसून पहुंचने की संभावना है. दक्षिण-पश्चिमी हवाएं मजबूत हो रही हैं, जिससे राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां जारी हैं

Advertisement

मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार  में मॉनसून के तय समय (13-15 जून) पर आने की संभावना है. मॉनसून के बिहार पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. राज्य में आंधी-बारिश की प्री-मॉनसून गतिविधियां जारी हैं. बिहार में मॉनसून का प्रवेश बंगाल की खाड़ी की दक्षिण-पश्चिमी मॉनसूनी हवाओं के जरिए होता है. बिहार में सबसे पहले पूर्णिया और किशनगंज जिले में मॉनसून की एंट्री होती है.

Monsoon Tracker (@Indiametdept)

मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि केरल में मॉनसून तीन दिन की देरी से 4 जून को पहुंचा लेकिन देरी से पहुंचने के बावजूद मॉनसून काफी तेजी से आगे बढ़ा है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में भले ही समय पर मॉनसून के आने की संभावना है लेकिन, लगातार पांचवें साल जून से सितंबर के बीच सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. 

मुंबई और पश्चिमी भारत में कब पहुंचेगा मॉनसून?
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मॉनसून महाराष्ट्र के कई हिस्सों में पहुंच चुका है और अब मॉनसून के मुंबई पहुंचने की तैयारी चल रही है. मुंबई में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है.मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और पुणे समेत कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. अगले 2 दिनों में आंधी, तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) और झमाझम बारिश की संभावना है. बता दें कि मुंबई के कुछ इलाकों में प्री-मॉनसून बारिश की गतिविधियां जारी हैं. IMD के मुताबिक, मुंबई में मॉनसून 11 से 13 जून के आसपास पहुंच सकता है. 

Advertisement

इस साल कितनी बारिश होगी?
IMD ने इस साल पूरे देश में औसत से थोड़ी कम बारिश होने का अनुमान लगाया है. लंबी अवधि के औसत (LPA) का 90 प्रतिशत बारिश होने की उम्मीद है. बता दें कि LPA वह औसत बारिश है जो 1971 से 2020 तक के 50 सालों के आंकड़ों के आधार पर निकाली गई है. पूरे देश के लिए यह औसत 87 सेंटीमीटर है.अगर बारिश LPA का 90 प्रतिशत से कम हुई तो IMD इसे 'कम' (deficient) श्रेणी में रखता है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार El Nino की स्थिति बन रही है, जो भारत में मॉनसून की बारिश को कम कर सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement