तमिलनाडु के तंजावुर जिले में नवजात बच्चे के लिए सोने की अंगूठी मांगने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि एक शख्स ने नर्स और उसके दो रिश्तेदारों पर फावड़े से हमला कर दिया. आरोपी बच्चे के जन्म पर सरकारी योजना के तहत मिलने वाली सोने की अंगूठी तुरंत चाहता था. नर्स ने प्रक्रिया के तहत तय समय पर अंगूठी मिलने की बात कही तो वह भड़क गया. आरोप है कि नशे की हालत में उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और फावड़ा उठाकर हमला कर दिया. जिससे नर्स समेत उसके दो रिश्तेदार घायल हो गए.
घटना तंजावुर-कुंभकोणम के पास मुल्लईपुरम समथुवापुरम इलाके की है. यहां रहने वाली 35 वर्षीय नर्स अलामेलु के मुताबिक इसी इलाके में रहने वाले मदन और वनिता के घर 16 सितंबर को बच्चे का जन्म हुआ था. बच्चे के जन्म की तारीख के आधार पर 'थाईमामन थंगा मोथिरम योजना' के तहत सोने की अंगूठी दिए जाने की प्रक्रिया थी.
बताया गया कि मदन ने नर्स अलामेलु से कहा कि उसके घर बच्चे के लिए समारोह होने वाला है, इसलिए उसे समारोह के दौरान ही सोने की अंगूठी चाहिए. अलामेलु ने उसे बताया कि योजना के तहत जन्म की तारीख के आधार पर प्राथमिकता क्रम तय होता है और जब उसकी बारी आएगी, तब उसे अंगूठी दी जाएगी. आरोप है कि मदन इस बात से नाराज हो गया.
अलामेलु के अनुसार मदन नशे की हालत में वहां पहुंचा और उनके साथ गाली-गलौज करने लगा. इसके बाद उसने पास में रखा फावड़ा उठाया और उन पर हमला कर दिया. शोर सुनकर अलामेलु की मौसी सुजाता और भाई सुमन बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन दोनों पर भी हमला कर दिया.
घायलों को अस्पताल में कराया गया है भर्ती
हमले में सुजाता के सिर और सुमन के हाथ में चोट लगी है. वहीं अलामेलु के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं. तीनों को इलाज के लिए कुंभकोणम सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अलामेलु ने बताया कि योजना के तहत सरकारी अस्पताल में रोजाना सीमित संख्या में लाभार्थियों की सूची के आधार पर सोने की अंगूठी दी जाती है. उन्होंने मदन को यही प्रक्रिया समझाते हुए कहा था कि बच्चे का जन्म 16 सितंबर को हुआ है और जब उसकी बारी आएगी, तो उसे इसकी जानकारी दे दी जाएगी.
घटना की सूचना मिलने के बाद पट्टेस्वरम पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घायल नर्स ने मांग की है कि भविष्य में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात नर्सों और दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं. आपको बता दें कि हाल में मुख्यमंत्री विजय की तरफ से 'थाईमामन थंगा मोथिरम योजना' की शुरूआत की गई है. जिसके तहत नए जन्मे बच्चों को एक अंगूठी दी जाएगी.