scorecardresearch
 

तमिलनाडु में बड़ा हादसा: करूर में कॉलेज बस और मालगाड़ी की टक्कर, 25 छात्र घायल

तमिलनाडु में एक इंजीनियरिंग कॉलेज की बस और मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 25 छात्र घायल हो गए. ये हादसा एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ, जहां बस गुजर रही थी. डीएमके नेता सेंथिल बालाजी ने अस्पताल जाकर हाल जाना.

Advertisement
X
करूर में ये हादसा एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ. (Photo: Representational)
करूर में ये हादसा एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ. (Photo: Representational)

तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज की बस और मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में बस में सवार 25 छात्र घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है.

शनिवार शाम को ये कॉलेज की बस वीरराक्कियाम और पलायम के बीच एक मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग को पार कर रही थी. इसी दौरान ये हादसा हो गया. हादसे के तुरंत बाद सभी घायल छात्रों को जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया.

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेता सेंथिल बालाजी ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों का हाल जाना. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बताया कि जब बस रेलवे ट्रैक से गुजर रही थी, तभी एक मालगाड़ी ने पीछे से उसे टक्कर मार दी.

हादसे में 25 छात्र घायल, एक के सिर में चोट

सेंथिल बालाजी ने कहा, 'लगभग 25 छात्र घायल हुए थे और उन्हें जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया. इनमें से दो छात्रों को बाद में एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जबकि 23 का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है.'

Advertisement

उन्होंने आगे बताया कि इन 23 छात्रों में से तीन की हालत अब बेहतर है और फर्स्ट ऐड देने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है. हालांकि, अन्य बाकी अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं. एक छात्र के सिर में चोट आई है.

दक्षिण रेलवे ने किया किनारा

इस हादसे पर दक्षिण रेलवे ने भी अपनी सफाई दी है. रेलवे ने बताया कि ये हादसा उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं हुआ है. दक्षिण रेलवे के मुताबिक, ये हादसा एक निजी रेलवे लाइन पर हुआ है. इस रेलवे क्रॉसिंग का स्वामित्व और संचालन 'चेट्टिनाड सीमेंट्स' करता है. 

यह भी पढ़ें: घने कोहरे में बड़ा हादसा... सोनीपत में ट्रक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर, दो बाइक सवार भी चपेट में, 4 घायल

रेलवे ने बताया कि इस लाइन का इस्तेमाल वीरराक्कियाम और पलायम के बीच 'क्लिंकर' की आवाजाही के लिए होता है. इस निजी लाइन पर कई मानवरहित लेवल क्रॉसिंग हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement