राजस्थान के झुंझुनू जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां छापोली इलाके में सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक मशीन हाई वोल्टेज बिजली लाइन के संपर्क में आ गई. इससे आठ मजदूरों की मौत हो गई.
सामने आया है कि पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बाद 3 अन्य मजदूरों की भी मौत की बात सामने आई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए.
जानकारी के मुताबिक, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था. इस दौरान सड़क बनाने के लिए रोड़ी मिलाने वाली मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था. अचानक मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गई. इसके बाद मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए.
हादसा इतना गंभीर था कि करंट लगने से पांच मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है. फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है.