
देश के कुछ राज्यों में मॉनसून दस्तक दे दी है तो कुछ अभी भी भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. हालांकि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ अन्य राज्यों में भी हल्की बारिश, बूंदाबांदी और आंधी-तूफान का अलर्ट है. लेकिन मौसम विभाग में कई राज्यों के लिए लू या भीषण लू का भी अलर्ट जारी किया है. आइये जानते हैं, दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत का हाल.
दिल्ली में लू या बारिश
दिल्ली में गर्मी का सितम जारी है. यहां सुबह के वक्त भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है. दिन का न्यूनतम तापमान भी 30 के आसपास बना हुआ है. दिल्ली के आयानगर में कल तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया. आज की बात करें तो 1 जून, महीने के पहले दिन दिल्ली में गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है लेकिन इसके साथ ही लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बन सकती है और उसके बाद इसमें कमी आ सकती है.
कैसी है आपके शहर की एयर क्वॉलिटी, यहां कीजिए चेक

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, यहां जानिए अपडेट
उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी कुछ ऐसा ही हाल रहने वाला है. यूपी के लिए भी आज गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही लू से लेकर भीषण लू की स्थिति की भी संभावना बनी हुई है. बता दें कि कल (31 मई) यूपी के कानपुर में देशभर में सबसे ज्यादा तापमान की लिस्ट में सबसे ऊपर रहा. कानपुर में कल तापमान 48.2 तक पहुंच गया.
इन राज्यों में आज बारिश
मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी, स्काईमेट के मुताबिक, लक्षद्वीप, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है.
दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण का क्या है हाल, देखें खास कवरेज
तटीय और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, पूर्वोत्तर बिहार, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश संभव है. आज और कल उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में गरज के साथ बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है. विदर्भ, छत्तीसगढ़ और कोंकण और गोवा में छिटपुट हल्की बारिश संभव है.
लू का भी अलर्ट
01 जून को उत्तर और पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बन सकती है और उसके बाद इसमें कमी आ सकती है.