लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार शाम इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ बैठक की. इस बैठक में गठबंधन के नेताओं ने SIR के खिलाफ लड़ाई और वोट चोरी को लेकर प्रतिरोध पर आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की.
राहुल गांधी के सरकारी आवास पर हाई-टी के साथ हुई इस मीटिंग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तेजस्वी यादव, संजय राउत, सुप्रिया सुले, डी राजा व अन्य नेता शामिल हुए. वहीं हाल के दिनों में प्रोटेस्ट से चर्चा में आई नेहा बोरा भी मौजूद रहीं. सभी नेताओं ने इस मीटिंग के बाद सामूहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि वह SIR के खिलाफ एकजुट होकर अपनी लड़ाई जारी रखेंगे.
क्या बोले राहुल गांधी?
राहुल गांधी ने कहा, 'कल आपने जो देखा, वह यहां खड़े किसी राजनीतिक दल की अभिव्यक्ति नहीं थी, बल्कि भारत की जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति थी. हम दिल्ली और देश की जनता का धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने जो कुछ हो रहा है, उसके खिलाफ हमारा साथ दिया.'
उन्होंने कहा कि 'यह लड़ाई हमारे बारे में नहीं है. यह भारत की जनता और उसके भविष्य के बारे में है. हम सभी मिलकर, इस देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बहाल करने के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे. क्योंकि हम आपसे प्यार करते हैं और आपका सम्मान करते हैं,
इस दौरान राहुल गांधी ने एक दिन पहले हुए सुप्रीम कोर्ट तक के पैदल मार्च को सफल बनाने के लिए लोगों का धन्यवाद भी दिया. राहुल गांधी ने कहा, 'मैंने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक शब्द इस्तेमाल किया था- दृढ़ता. हमारी यह टीम रुकने वाली नहीं है. आज नहीं तो कल, परसों, तीन महीने में, छह महीने में, एक साल में या दो साल में, लेकिन हम रुकेंगे नहीं. हम अपने अंतिम लक्ष्य तक पहुंचकर रहेंगे.'
'हम वहां तक कैसे पहुंचेंगे, ये आपको...', बोले- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे कहा, 'हम वहां तक कैसे पहुंचेंगे, यह मैं अभी आपको नहीं बता सकता, क्योंकि इससे सरप्राइज खत्म हो जाएगा. हम चाहते हैं कि आपके और देश के लिए उत्साह और सरप्राइज बना रहे. लेकिन मैं आपको गारंटी देता हूं कि जिस ऊर्जा, ताकत और एकजुटता के साथ हम सब एकजुट हुए हैं, उसी भावना के साथ आगे भी मिलकर लड़ते रहेंगे.'
उन्होंने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद. हमारे मन में सुप्रीम कोर्ट, भारत के मुख्य न्यायाधीश और देश की न्यायिक व्यवस्था के प्रति बहुत सम्मान है. उनकी अपनी भूमिका है और हमें उम्मीद है कि वे अपनी भूमिका निभाएंगे. लेकिन हम राजनीतिक लोग हैं. चाहे कुछ भी हो जाए, कोई संस्था अपनी भूमिका निभाए या न निभाए, हमारा राजनीतिक प्रतिरोध जारी रहेगा. जनता का प्रतिरोध जारी रहेगा और अंत में उसकी जीत होगी.'
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'पिछले चार दिनों में INDIA गठबंधन की ओर से की गई पहलों की जबरदस्त सफलता आप सभी ने देखी है. राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने जनता के मुद्दों को बेहद गंभीरता और समर्पण के साथ उठाया है.
इतनी बड़ी संख्या में लोग बहुत कम मौकों पर सामने आते हैं.' खड़गे ने आगे कहा, 'दिल्ली में यह पहली बार हुआ है, जब युवा और आम नागरिक अपनी पहल पर इतनी बड़ी संख्या में एकजुट हुए हैं. यह सब आपने खुद देखा है, इसलिए मैं इस पर ज्यादा विस्तार से बात नहीं करना चाहता. अब हर कोई प्रधानमंत्री मोदी की वोट चोरी की योजना को पूरी तरह बेनकाब करने के लिए तैयार है.'
'संविधान खतरे में है, हमारा आंदोलन जारी रहेगा' - सुप्रिया सुले
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, 'हम INDIA गठबंधन के सभी दल पूरी मजबूती के साथ एकजुट हैं. हमारा संघर्ष जारी रहेगा, क्योंकि इस देश में संविधान को कमजोर किया गया है और आज संविधान खतरे में है.' उन्होंने कहा, 'भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से देश के सभी नागरिकों को जो अधिकार दिए हैं, उनकी रक्षा के लिए हमारा आंदोलन जारी रहेगा.
एक व्यक्ति और एक सरकार इन अधिकारों को कुचलने की कोशिश करके बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं.' सुप्रिया सुले ने आगे कहा, 'इस अन्याय और दमन के खिलाफ हम पूरी ताकत से एकजुट होकर लड़ेंगे. हमारा आंदोलन दिल्ली से लेकर जमीनी स्तर तक जारी रहेगा.'
'लोकतंत्र को कुचलने की साजिश कर रही बीजेपी' - तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, 'आप सभी जानते हैं कि ज्ञानेश कुमार गुप्ता ने किस तरह लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश की है. यह साफ तौर पर बीजेपी, अमित शाह और मोदी जी की साजिश है. हम लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट हैं और इसके लिए जो भी कुर्बानी देनी पड़ेगी, हम देंगे.'
उन्होंने कहा, 'यह गांधी जी, लोहिया जी, भगत सिंह और कर्पूरी ठाकुर जी की धरती है. लेकिन कुछ लोग लगातार देश की संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं. चाहे ईडी हो, सीबीआई हो या आयकर विभाग, सभी संस्थाओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. लेकिन चुनाव आयोग और खासकर ज्ञानेश गुप्ता इन सबसे दस कदम आगे निकल गए हैं.'

तेजस्वी यादव ने कहा, 'ज्ञानेश गुप्ता ने जिस तरह कठपुतली बनकर काम किया है, उसकी सजा उन्हें जरूर मिलेगी. ये लोग बच नहीं पाएंगे. ये डरे हुए हैं और इनका डर इसी बात से जाहिर होता है कि इन्होंने विरोध प्रदर्शन की जगह बदल दी. ऐतिहासिक रूप से जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शनों का केंद्र रहा है, लेकिन अब प्रदर्शन स्थल को दिल्ली की सीमाओं पर पहुंचा दिया गया है. यह इनके डर को दिखाता है.'
उन्होंने आगे कहा, 'हम इस लड़ाई को जारी रखेंगे. एकजुट होकर लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे. इस साजिश में शामिल लोग, चाहे मोदी जी हों, ज्ञानेश गुप्ता हों या अमित शाह, जिन्होंने वोट चोरी कराई और चुनावों में धांधली की, वे अब देश की जनता के सामने बेनकाब हो चुके हैं. देश का हर नागरिक उनसे हिसाब मांग रहा है और उन्हें जवाब देना होगा. उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी और हम लोकतंत्र तथा संविधान को बचाने में कामयाब होंगे.'