कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि चुनाव के बाद महंगाई बढ़ेगी और अब वही हो रहा है. राहुल गांधी ने कहा कि आज कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है. उन्होंने इसे “चुनावी बिल” करार दिया.
राहुल गांधी ने कहा- 'पहली स्ट्राइक गैस पर, अगली स्ट्राइक पेट्रोल-डीज़ल पर
उन्होंने आगे बताया कि 'फरवरी से अब तक गैस सिलेंडर की कीमत में कुल 1,380 रुपये का इजाफा हुआ है, यानी सिर्फ तीन महीनों में करीब 81 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. कांग्रेस नेता के मुताबिक, इस बढ़ोतरी का सीधा असर चाय की दुकान, ढाबा, होटल, बेकरी और मिठाई की दुकानों पर पड़ेगा, जिससे आम लोगों की थाली भी महंगी होगी. राहुल गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि गैस के बाद अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है. उन्होंने लिखा कि 'पहली स्ट्राइक गैस पर, अगली स्ट्राइक पेट्रोल-डीज़ल पर.'
यही है भाजपा का 'अच्छे दिनों' का असली चेहरा- आतिशी
आम आदमी पार्टी नेता आतिशी ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने X पर पोस्ट में लिखा, 'कमर्शियल सिलेंडर के बाद अब "छोटू सिलेंडर" को भी ₹261 महंगा कर दिया है. चुनाव के दौरान जो कीमतें थमी हुई थीं, वो अब अचानक आसमान छूने लगी हैं. ये महंगाई सीधे तौर पर रेहड़ी-पटरी वालों, मजदूरों और आम जनता के बजट पर प्रहार है.
साफ है कि भाजपा को सिर्फ जनता के वोट से मतलब है, उनके दर्द से नहीं., 'भाजपा का जनता को 'रिटर्न गिफ्ट'! कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में ₹993 का भारी इजाफा. दिल्ली में अब एक सिलेंडर ₹3071.50 का मिलेगा. चुनाव के वक्त जो कीमतें थमी हुई थीं, वो अब आसमान छू रही है. यही है भाजपा का 'अच्छे दिनों' का असली चेहरा.
सिलेंडर नहीं रोटी-थाली महंगी होती है- अखिलेश यादव
गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ंभी सरकार को घेरा है. उन्होंने लिखा कि, 'सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है. ये बात वही जानता है जो ख़ुद ख़रीदकर खाता है, वो नहीं जो दूसरों के यहां जाकर खाता है या दूसरों की थाली से चुराता है. सिलेंडर महंगा करना था तो सीधे 1000 रुपये महंगा कर देते. 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपावाले किस पर एहसान कर रहे हैं? भाजपा ‘महंगाई, बेरोज़गारी, बेकारी व मंदी’ पर निंदा प्रस्ताव कब लाएगी?'
भाजपा ने मजदूर दिवस के दिन दिया 'तोहफा'
कुमारी सैलजा ने भी सरकार का घेराव किया है. उन्होंने कहा कि, 'कमर्शियल गैस सिलेंडर और 5 किलो वाले ‘छोटू’ सिलेंडर की कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी गई है. कमर्शियल सिलेंडर पर 993 रुपए तक की वृद्धि और 5 किलो सिलेंडर पर 261 रुपए की बढ़ोतरी आम जनता पर सीधा बोझ डालने वाली है.
उन्होंने कहा कि, 'नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले ही देश को चेताया था कि चुनाव समाप्त होते ही भाजपा सरकार महंगाई की मार तेज करेगी. आज वही स्थिति सामने है. कमर्शियल गैस महंगी होने से हर वस्तु और सेवा की कीमत बढ़ेगी, जिसका भार सीधे आम आदमी पर पड़ेगा. वहीं 5 किलो का छोटा सिलेंडर, जिसे मजदूर वर्ग अधिक उपयोग करता है, उसकी कीमत बढ़ाकर उनके जीवन को और कठिन बना दिया गया है. श्रमिक दिवस के अवसर पर भाजपा सरकार द्वारा दिया गया यह “तोहफा” वास्तव में श्रमिकों और गरीब वर्ग के साथ अन्याय का प्रतीक है.'