scorecardresearch
 

'जनसेवा सबसे बड़ा धर्म...', सबसे लंबे समय तक लगातार PM रहने पर बोले मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4,399 दिन पूरे कर भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बना लिया है. इस उपलब्धि के बाद देश-विदेश के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी है. वहीं, इस खास मौके पर पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है.

Advertisement
X
बुधवार को नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए. (PTI Photo)
बुधवार को नरेंद्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए. (PTI Photo)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारतीय राजनीति में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वे देश के संविधान लागू होने के बाद सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं. इस खास मौके पर पीएम मोदी ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी. उन्होंने कहा कि जनसेवा ही अच्छे शासन की सबसे बड़ी पहचान होती है और वही व्यक्ति लोगों का भरोसा जीतता है, जो विनम्रता, समर्पण और कर्तव्य भावना के साथ लगातार काम करता है. 

26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. नेहरू ने 1952 के पहले आम चुनाव के बाद निर्वाचित सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार 4,398 दिन तक प्रधानमंत्री पद संभाला था.

पीएम मोदी ने क्या कहा?

इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जनसेवा ही सुशासन की असली कसौटी है. उनके मुताबिक वही व्यक्ति जनता का विश्वास जीत पाता है, जो विनम्रता के साथ कड़ी मेहनत करे, जिम्मेदारी समझे और अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दे. उन्होंने कहा कि लोगों का भरोसा किसी पद से नहीं, बल्कि लगातार काम करने से मिलता है.

पीएम मोदी ने नेतृत्व को लेकर एक संस्कृत श्लोक का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि शासक का ध्यान हमेशा लोगों के कल्याण पर होना चाहिए. उनके मुताबिक जो व्यक्ति विनम्र होकर जनता की भलाई के लिए काम करता है, वही सबसे बड़ी सफलता हासिल करता है.

Advertisement

BJP नेताओं ने दी बधाई

इस उपलब्धि के बाद एनडीए के कई नेताओं ने पीएम मोदी को बधाई दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के 12 साल के नेतृत्व में भारत ने अपनी पहचान को नई मजबूती दी है. उन्होंने सांस्कृतिक पुनर्जागरण और देश को पुरानी सोच से बाहर निकालने की बात भी कही. जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को 'थकान न मानने वाला कर्मयोगी' बताया.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ की. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को सिर्फ योजनाएं नहीं दीं, बल्कि एक स्पष्ट लक्ष्य और आत्मविश्वास से भरा राष्ट्रीय विजन भी दिया है. योगी के मुताबिक यह सिर्फ उपलब्धियों को गिनने का मौका नहीं, बल्कि भारत में आए बड़े बदलाव को समझने का समय है.

विदेशों से भी मिली बधाई

विदेशों से भी बधाइयों का सिलसिला जारी रहा. मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी की वैश्विक नेतृत्व क्षमता की सराहना की. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि दशकों की जनसेवा और मजबूत नेतृत्व का बड़ा प्रमाण है. वहीं, पड़ोसी देश श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने एक विशेष चिट्ठी भेजकर अपनी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने लिखा कि यह ऐतिहासिक मुकाम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा पीएम मोदी के नेतृत्व पर बार-बार जताए गए अटूट भरोसे का प्रमाण है. जबकि, प्रशांत महासागरीय देश पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने पीएम मोदी के लिए एक खास वीडियो संदेश जारी किया. उन्होंने नरेंद्र मोदी को दुनिया के लिए एक महान 'रोल मॉडल' तथा बेहतरीन लीडरशिप का सच्चा उदाहरण बताया. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement