Parliament Monsoon Session Live संसद के चालू मॉनसून सत्र के दूसरे हफ्ते की आज से शुरुआत हो रही है. नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज के मुद्दे पर हंगामे के कारण पहला हफ्ता धुलने के बाद सरकार अब इसे लेकर सख्त कानूनी प्रावधान करने वाला बिल आज लोकसभा में पेश हो गया है. सत्तापक्ष आज इस बिल पर चर्चा शुरू कराने की कोशिश में है.
संसद में गतिरोध जारी है. लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पेश किए जाने के बाद चर्चा शुरू नहीं हो सकी. लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह हाईलेवल मीटिंग कर रहे हैं. अमित शाह की अगुवाई में संसद परिसर में हो रही इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू. पीयूष गोयल भी मौजूद हैं.
कांग्रेस के सांसदों ने राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही छात्रों के प्रोटेस्ट पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया. कांग्रेस की ओर से डिप्टी लीडर प्रमोद तिवारी ने यह मुद्दा उठाते हुए गृह मंत्री अमित शाह से जवाबदेही तय करने की मांग की. विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
एंटी पेपर लीक बिल लोकसभा में पेश हो गया है. विपक्ष के जोरदार हंगामे और नारेबाजी के बीच पीएमओ में राज्यमंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने यह बिल लोकसभा में पेश कर दिया है. इससे पहले, विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच ही लिस्टेड बिजनेस लिए गए. यह बिल पेश होने के बाद सदन में चर्चा शुरू नहीं हो सकी और कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही फिर शुरू हो गई है. लोकसभा में चेयर पर दिलीप सैकिया आए हैं. दिलीप सैकिया ने सदन को जानकारी दी कि स्पीकर ने स्थगन प्रस्ताव के किसी भी नोटिस को अनुमति नहीं दी है. राज्यसभा और लोकसभा, दोनों सदनों में जोरदार हंगामे के बीच कार्यवाही जारी है.
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित होने के बाद विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रोटेस्ट किया. विपक्षी सांसद इस दौरान हाथों में बड़ा बैनर लिए हुए थे, जिस पर वोट चोरी से लेकर चंदा चोरी तक के स्लोगन लिखे हुए थे. विपक्षी सदस्य छात्रों के प्रोटेस्ट पर हुए लाठीचार्ज को लेकर अमित शाह से जवाब देने की मांग करते हुए नारेबाजी कर रहे हैं.
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने नीट पेपर लीक और छात्रों के प्रोटेस्ट पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया. खड़गे ने कहा कि यह रेयरेस्ट केस है. इस पर नियम 267 के तहत चर्चा होनी चाहिए. खड़गे अभी बोल ही रहे थे कि चेयर से सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार संसद भवन पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान का एनडीए सांसदों ने मकरद्वार पर जोरदार स्वागत किया.
भारत में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बने, फिर भी पर्चे लीक होना नहीं थम रहा. 2024 के नए 'एंटी-पेपर लीक कानून' के बावजूद धांधली जारी है. जानिए देश के बड़े शिक्षाविदों की जुबानी, क्यों ये कानून केवल फाइलों में सीमित रह जाते हैं और असली समस्या कहां है.
राज्यसभा में भी विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेपर लीक का मुद्दा उठाया. पेपर लीक पर जोरदार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कर दी.
लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य हंगामा करते हुए वेल में आ गए. विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच चेयर से स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह करते हुए अपनी सीट पर जाने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस तरह का आचरण लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है. स्पीकर ने कार्रवाई की चेतावनी भी दी, लेकिन विपक्षी सदस्यों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. स्पीकर ओम बिरला ने अंत में सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
लोकसभा में राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं को बधाई दी गई. स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और उनके कोच को बधाई दी.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आजतक की खबर से जुड़ी पोस्ट रिपोस्ट करते हुए कहा है कि छात्रों के खिलाफ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है. राहुल गांधी ने खबर का हवाला देते हुए कहा कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ़्तार करके उनपर FIR की जा रही है.
शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पहली बार संसद पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान का एनडीए के सांसदों ने जोरदार स्वागत किया. एनडीए के सांसदों ने संसद भवन परिसर में धर्मेंद्र प्रधान को मिथिला का पारंपरिक पाग पहनाकर स्वागत किया. इसके बाद एनडीए के सांसद धर्मेंद्र प्रधान को अंदर ले गए.
लोकसभा में आज पेपर लीक पर बिल आएगा. नीट पेपर लीक के मुद्दे पर हुए आंदोलन के बाद मोदी कैबिनेट ने इसे लेकर सख्त कानूनी प्रावधानों वाले बिल को मंजूरी दी थी. अब सरकार आज इस बिल को सदन में पेश करेगी.