बिहार में आजकल जितनी चर्चा नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की नहीं है, उससे ज्यादा चर्चा उनके बेटे निशांत के सियासी भविष्य को लेकर है. नीतीश कुमार जहां भी जाते हैं वहां निशांत को लेकर सवाल पूछे जाने लगते हैं. वहीं, नारेबाजी में भी बेटे निशांत ही ज्यादा छाए रहते हैं. सोमवार को पटना में फिर ऐसा ही नजारा दिखा.
नीतीश कुमार सोमवार को बिहार विधान परिषद के अतिथि निवास का उद्घाटन करने पहुंचे थे. इस मौके पर निशांत कुमार जिंदाबाद के जमकर नारे लगे.
जबसे नीतीश कुमार के सीएम पोस्ट छोड़कर राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए हैं, बिहार में सबकी निगाह इस बात पर है कि निशांत का नई सरकार में क्या रोल होगा? नीतीश की जगह बिहार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा?
दरअसल राज्यसभा के लिए चुन लिए जाने के बाद नीतीश कुमार का दिल्ली जाना पक्का हो चुका है और अगले कुछ दिनों में वो मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं.
नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने हाल ही में जेडीयू जॉइन किया था. निशांत ने पहली बार सियासत में कदम रखा है. इससे पहले तक वो राजनीति से दूरी बनाते रहे हैं, लेकिन अब उनके जेडीयू में आने से बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव हुआ है. नीतीश दिल्ली जा रहे और अब निशांत को उनकी जगह भरते देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: JDU को टूटने से बचाएंगे निशांत कुमार: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की तैयारी, क्या बेटे की ताजपोशी से थमेगी बगावत?
ऐसी खबरें भी सामने आईं कि निशांत कुमार बिहार के उपमुख्यमंत्री बनाए जा सकते हैं. हालांकि, उनके रोल पर अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. बता दें कि निशांत 44 साल के हैं और उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है.