आज राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार अपना बजट पेश करेगी. राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास ही वित्त विभाग का कार्यभार है, ऐसे में सुबह करीब 11 बजे बजट वही विधानसभा में पेश करेंगे. सभी विधायकों और अन्य सदस्यों को इस बार बजट भाषण और बजट से जुड़ी सभी सॉफ्ट कॉपी दी जाएंगी. पढ़ें बुधवार सुबह की पांच बड़ी खबरें.
राजस्थान: गहलोत सरकार आज पेश करेगी अपना पेपरलेस बजट
अशोक गहलोत सरकार का इस कार्यकाल का ये तीसरा बजट होगा, जो पेपरलेस होने जा रहा है. गौरतलब है कि हाल ही के दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, तमिलनाडु जैसे राज्यों ने अपना बजट पेश किया है.
कोरोना रिपोर्ट निगेटिव होगी, तभी इन पांच राज्य के लोगों को मिलेगी दिल्ली में एंट्री!
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए अब पांच राज्यों से दिल्ली आने वाले लोगों को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट लेकर आना अनिवार्य होगा. महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पंजाब से दिल्ली आने वाले लोगों को निगेटिव RT-PCR दिखाने पर ही दिल्ली में एंट्री मिलेगी.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी, जानें आज क्या हैं देश में पेट्रोल-डीजल के रेट?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार को कच्चे तेल में नरमी देखी गई है. इधर भारतीय बाजार में आज यानी बुधवार को पेट्रोल-डीजल में बढ़त से राहत है. आज दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है. पेट्रोल-डीजल के दाम पहले ही रिकॉर्ड ऊंचाई पर चल रहे हैं.
मोटेरा में आज से पिंक बॉल टेस्ट- टीम इंडिया के टारगेट पर WTC फाइनल
इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच आज (बुधवार) से मोटेरा में खेला जाएगा. इस डे-नाइट टेस्ट में टीम इंडिया विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल में पहुंचने के अपने दावे को मजबूत करने उतरेगी. यह मैच दोपहर 2.30 बजे से खेला जाएगा.
मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर डीजल टैंकर ने मारी इनोवा में टक्कर, 7 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के मथुरा में देर रात भीषण हादसा हुआ. थाना नौहझील इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर डीजल के टैंकर ने इनोवा कार में टक्कर मार दी. हादसे में इनोवा कार सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे की जानकारी मिलने के साथ ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.