Iran Israel war US-Israel-Iran War Live Updates: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी जंग अब चौथे हफ्ते में पहुंच गई है. लड़ाई कम होने के कोई साफ संकेत नहीं दिख रहे हैं और हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं. लगातार नए हमले, बढ़ते हताहत और तीखी बयानबाजी से पूरे क्षेत्र में अनिश्चितता बनी हुई है.
दुनियाभर की नजर रणनीतिक रूप से बेहद अहम समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट पर बनी हुई है. कई देशों ने इस रास्ते से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, क्योंकि वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है.
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत अभी चल रही है और ईरान अब समझदारी की बात कर रहा है. वहीं ईरान के अधिकारियों ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे फेक न्यूज बताया है.
कुल मिलाकर, जंग के हालात अभी और बिगड़ते नजर आ रहे हैं और शांति की कोई साफ राह फिलहाल नहीं दिख रही है.
जंग से जुड़ी हर ताजा अपडेट के लिए पेज रिफ्रेश करते रहें.
तुर्की के विदेश मंत्री और उनके चीनी समकक्ष ने फोन पर बातचीत की. इसमें ईरान युद्ध और इसे समाप्त करने के प्रयासों पर चर्चा की, तुर्की के एक राजनयिक सूत्र ने यह जानकारी दी.
इराकी प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने इराक के विदेश मंत्रालय को आदेश दिया है कि वह इराक की संप्रभुता पर हमलों और उसके उल्लंघन के मामले में बगदाद स्थित अमेरिकी चार्ज डी अफेयर्स को तलब करे.
जंग का मामला UNHRC पहुंच गया है. ईरान द्वारा बहरीन, जॉर्डन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात पर किए गए हमलों पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में अर्जेंट चर्चा होगी.
इजरायली वायुसेना ने दावा किया कि सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर, कल (मंगलवार को) इस्फहान में ईरानी शासन के हथियार निर्माण उद्योगों को निशाना बनाते हुए व्यापक हमले किए. बाद में जानकारी सामने आई कि इजरायली सेना ने ईरान के उस एकमात्र ठिकाने पर हमला किया, जहां ईरान की नौसेना के लिए पनडुब्बियों और प्रणालियों के डिजाइन बनाया जाता था. इसी के साथ तेहरान पर भी हमले हुए.
ईरान का दावा है कि USS अब्राहम लिंकन एयरक्राफ्ट कैरियर पर क्रूज मिसाइल से हमला किया गया. ईरानी आर्मी ने कहा कि USS अब्राहम लिंकन की ओर कोस्टल क्रूज मिसाइलें दागी गईं. इस दावे के बारे में U.S. अधिकारियों की ओर से कोई इंडिपेंडेंट कन्फर्मेशन या जवाब नहीं आया है.
जंग का 26 वां दिन इजरायली सेना (IDF) ने पुष्टि की है कि कुछ ही देर पहले ईरान की ओर से इजरायल की सीमा में कई मिसाइलें दागी गई हैं. हमले के तुरंत बाद पूरे इजरायल में हवाई हमले के सायरन बजने लगे हैं. इजरायल का मिसाइल डिफेंस सिस्टम इन खतरों को आसमान में ही मार गिराने के लिए एक्टिव मोड में है. नागरिकों को तुरंत सुरक्षित शेल्टर्स में जाने की सलाह दी गई है.
मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच इराक के अनबार प्रांत से बड़ी खबर आ रही है. अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यहां हुए एक भीषण हमले में 7 सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई है, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. फिलहाल सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है.
इजरायली वायुसेना (IAF) के लड़ाकू विमानों ने ईरान की राजधानी तेहरान में घुसकर बड़ी कार्रवाई की है. आईडीएफ (IDF) के मुताबिक, इजरायल ने ईरान के उन दो प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया है, जहां लंबी दूरी की नेवल क्रूज मिसाइलें बनाई जाती थीं. ये मिसाइलें समुद्र और जमीन, दोनों जगहों पर तबाही मचाने में सक्षम थीं. इजरायल का दावा है कि इस हमले से ईरानी शासन की मिसाइल बनाने की क्षमता को भारी चोट पहुंची है.
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरान की IRGC नेवी ने एक बड़े जहाज को रास्ते से ही वापस मोड़ दिया है. जानकारी के मुताबिक, सेलेन नाम का यह कंटेनर जहाज कराची की ओर जा रहा था. ईरान का दावा है कि जहाज ने कानूनी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया और बिना अनुमति के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहा था. अफगानिस्तान में ईरानी दूतावास ने 'X' पर इसकी पुष्टि की है.
खाड़ी देशों में तनाव चरम पर पहुंच गया है. अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को ईरान ने दक्षिणी इजरायल के कई इलाकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ मिसाइलें दागी हैं. इस हमले के बाद पूरे इजरायल में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और लोग सुरक्षित ठिकानों की ओर भाग रहे हैं. अभी तक हमले में हुए नुकसान की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.
मिडिल ईस्ट में गहराते संकट के बीच इजरायली सेना ने मध्य गाजा में ताजा हवाई हमले किए हैं. इन हमलों में कम से कम 4 लोगों के मारे जाने की खबर है. इजरायल और हमास के बीच जारी इस जंग में पिछले कुछ घंटों में हमलों की तीव्रता काफी बढ़ गई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग और भी खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। बुधवार को इजरायली सेना (IDF) ने ईरान की राजधानी तेहरान पर हमलों का नया दौर शुरू कर दिया है. इजरायली डिफेंस फोर्स ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने तेहरान में ईरानी शासन के आतंकी ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना शुरू कर दिया है. पिछले कुछ घंटों से तेहरान के कई हिस्सों में धमाकों की आवाजें सुनी जा रही हैं.
मिडिल ईस्ट में जारी भीषण जंग के बीच तुर्की, पाकिस्तान और मिस्र ने शांति की पहल तेज कर दी है. अल-जजीरा रिपोर्ट के मुताबिक, ये तीनों देश अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत शुरू कराने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद को ठिकाने के रूप में चुना जा सकता है. इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान के सामने 15 सूत्रीय सीजफायर प्लान रखा है, जिसमें परमाणु हथियार न बनाने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने जैसी शर्तें शामिल हैं.
ईरान की ओर से किए गए हमलों के बाद बहरीन के कई हिस्सों में साइरन की आवाजें सुनी गई हैं. हालात को देखते हुए बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने पूरे देश में अलार्म सिस्टम को एक्टिव कर दिया है. खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच यह कदम सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है. (इनपुट: अल-जजीरा)
अमेरिका में 1992 के बाद एक बार फिर परमाणु परीक्षण शुरू होने की सुगबुगाहट तेज हो गई है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग के बड़े अधिकारी थॉमस डिनानो ने सीनेट की समिति को बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप के आदेश पर इसे फिर से शुरू करने के रास्तों को तलाशा जा रहा है. हालांकि, अभी इस पर कोई आखिरी फैसला नहीं हुआ है, लेकिन अधिकारी ने जमीन के अंदर टेस्ट करने की संभावना से इनकार भी नहीं किया है.
इराक के अनबार प्रांत में मंगलवार को ईरान समर्थित शिया मिलिशिया के क्षेत्रीय मुख्यालय और उनके नेता के आवास पर भीषण एयरस्ट्राइक हुई. रॉयटर्स के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 15 लड़ाकों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हैं. इराकी सेना ने इस हमले के लिए अमेरिका-इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है. क्षेत्र में तनाव चरम पर है और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.
ईरान और इजरायल के बीच जंग और भी भीषण हो गई है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान की राजधानी तेहरान के एक रिहायशी इलाके को निशाना बनाया गया है. हमले के बाद अफरा-तफरी का माहौल है और रेस्क्यू टीमें मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश कर रही हैं. समाचार एजेंसी SNN ने भारी नुकसान की आशंका जताई है.
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन को बताया है कि गैर-दुश्मन जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुज़र सकते हैं, बशर्ते वे ईरानी अधिकारियों के साथ तालमेल बैठाएं. ईरान के विदेश मंत्रालय की ओर से यह नोट रविवार को 15-सदस्यीय सुरक्षा परिषद और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को भेजा गया था. इसके बाद मंगलवार को इसे लंदन स्थित संयुक्त राष्ट्र की शिपिंग एजेंसी के 176 सदस्यों के बीच वितरित किया गया. यह एजेंसी अंतरराष्ट्रीय शिपिंग की सुरक्षा और संरक्षा को विनियमित करने तथा प्रदूषण को रोकने के लिए जिम्मेदार है.
ईरान ने इजरायल पर क्लस्टर मिसाइलों से हमला किया है. इस हमले में इजरायल के ब्नेई ब्राक शहर में 12 लोग घायल हुए हैं. इजरायली इमरजेंसी सर्विस के मुताबिक, इस हमले में क्लस्टर म्यूनिशन के कारण कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है. हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
डाउनिंग स्ट्रीट के एक प्रवक्ता ने बताया कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने मंगलवार शाम को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष पर चर्चा की. प्रवक्ता ने कहा कि स्टार्मर ने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध के दौरान सऊदी अरब के प्रति अपना समर्थन दोहराया, और सऊदी क्राउन प्रिंस को ब्रिटेन के अतिरिक्त रक्षात्मक सैन्य उपकरणों की तैनाती के बारे में जानकारी दी.
कतर के अमीर के दफ्तर की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी ने फोन पर बातचीत के दौरान क्षेत्रीय तनाव कम करने की कोशिशों के लिए तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन का शुक्रिया अदा किया. इससे पहले दिन में, एर्दोगन ने कहा था कि तुर्की, ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच शांति की कोशिशों में मदद के लिए अपने सभी संसाधनों का इस्तेमाल करता रहेगा.
इराक के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि इराक ने मंगलवार को चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया. ये लोग सोमवार को उत्तर-पूर्वी सीरिया में एक बेस पर हुए रॉकेट हमले में शामिल थे। इराकी सुरक्षा के दो सूत्रों ने सोमवार को रॉयटर्स को बताया था कि इराकी शहर रबीआ से उत्तर-पूर्वी सीरिया में मौजूद एक अमेरिकी सैन्य बेस की ओर कम से कम सात रॉकेट दागे गए थे.
इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी (IAEA) ने बताया कि ईरान ने जानकारी दी है कि बुशेहर न्यूक्लियर पावर प्लांट के परिसर में एक प्रोजेक्टाइल आकर गिरा है. X पर एक पोस्ट में एजेंसी ने बताया कि ईरानी अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इस घटना से प्लांट को कोई नुकसान नहीं हुआ है और न ही किसी कर्मचारी को चोट लगी है. साथ ही, प्लांट में हालात सामान्य बने हुए हैं.
IAEA के डायरेक्टर जनरल राफेल मारियानो ग्रोसी ने चल रहे संघर्ष के बीच न्यूक्लियर सुरक्षा से जुड़े जोखिमों को रोकने के लिए सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने की अपनी अपील दोहराई.

ईरान के बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट पर भी मिसाइल अटैक की जानकारी है. ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने बताया कि इस हमले में किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है. ईरान ने चेतावनी दी कि शांतिपूर्ण परमाणु केंद्रों पर हमले अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरनाक हैं.
इजरायली सेना ने ईरान के इस्फहान में स्थित सैन्य और हथियार निर्माण केंद्रों पर हवाई हमले किए हैं. IDF ने अपने बयान में कहा कि यह हमला ईरान के सबसे महत्वपूर्ण विस्फोटक उत्पादन संयंत्र को निशाना बनाकर किया गया, जिसका इस्तेमाल विभिन्न हथियारों के निर्माण में होता था. हालांकि ईरान ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने वैश्विक समुद्री अधिकारियों को बताया है कि गैर-दुश्मन जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर सकते हैं, लेकिन साथ ही यह चेतावनी भी दी है कि अमेरिका, इजरायल या इस संघर्ष में शामिल अन्य पक्षों से जुड़े जहाजों को सुरक्षित मार्ग नहीं मिलेगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस समय ईरान के साथ बातचीत कर रहा है. उन्होंने आगे कहा कि इस बातचीत में जेडी वैंस, मार्को रुबियो, स्टीव विटकॉफ़ और जेरेड कुशनर शामिल हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के प्रति अपनी प्रतिक्रिया में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर बेहतरीन रहे हैं. यह तब है, जब ये खाड़ी देश मौजूदा संघर्ष से जुड़े मिसाइल और ड्रोन हमलों का बार-बार सामना कर रहे हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान इस बात पर सहमत हो गया है कि वह कभी भी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा. उन्होंने दावा किया कि तेहरान अब समझदारी की बात कर रहा है, जो उनके अनुसार चर्चाओं में हुई प्रगति का संकेत है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ बातचीत कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि तेहरान में नेताओं का एक नया समूह उभरा है और वे एक समझौता करने जा रहे हैं. साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यह स्थिति सत्ता परिवर्तन के समान है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वॉशिंगटन सही लोगों से बात कर रहा है और वे समझौता करना चाहते हैं. हालांकि ईरान के साथ बातचीत में किसी भी असली प्रगति को लेकर अभी भी संदेह बना हुआ है. उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान में अब कोई नेता नहीं बचा है, जिससे यह संकेत मिलता है कि हाल के हमलों ने तेहरान के नेतृत्व ढांचे को कमजोर कर दिया है. ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका को ईरान में जबरदस्त सफलता मिल रही है.