नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह पर कार्रवाई करते हुए मुंबई में 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन जब्त की है. बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 1,745 करोड़ रुपये बताई जा रही है. एजेंसी की इस कार्रवाई को ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, यह ऑपरेशन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले तस्करी गिरोह को तोड़ने की दिशा में अहम कदम है.
गृहमंत्री ने भी दी जानकारी
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने X पोस्ट में जानकारी दी कि, NCB ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई के दौरान मुंबई में 349 किलोग्राम हाई क्वालिटी वाली कोकीन जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 1,745 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि सरकार नशीले पदार्थों के कार्टेल को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में NCB ने ‘बॉटम-टू-टॉप’ रणनीति अपनाई, जिसमें एक छोटे कंसाइनमेंट से सुराग लेकर पूरे बड़े नेटवर्क तक पहुंच बनाई गई. उन्होंने इस बड़ी कार्रवाई के लिए NCB टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह ऑपरेशन देश में ड्रग्स के खिलाफ चल रही मुहिम को और मजबूत करेगा.
सलीम डोला को कुछ दिन पहले लाया गया है भारत
बता दें कि कुछ ही दिन पहले बड़े ड्रग माफिया सलीम डोला को तुर्की से भारत लाया गया था. इसके बाद ही यह बड़ी कार्रवाई हुई है. सलीम डोला एक नशीले पदार्थों का तस्कर है और अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी दाऊद इब्राहिम का सहयोगी है. सलीम डोला भारत में भी कई मामलों में वांटेड है. नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था, जबकि मुंबई पुलिस भी उसे लंबे समय से तलाश रही थी. उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी बताया जाता है, जिससे उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश की जा रही थी.