आज का दिन भारतीय राजनीति में एक खास दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक ऐसा रिकॉर्ड तोड़ा जो दशकों से किसी और के नाम था. सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने लगातार 8,930 दिनों तक किसी सरकार का नेतृत्व किया था. यह भारत में किसी भी सरकार के मुखिया का अब तक का सबसे लंबा कार्यकाल था.
चामलिंग 1994 से 2019 तक, पूरे 25 साल सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे. यह अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि थी. लेकिन रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने 8,931वां दिन पूरा कर लिया और यह रिकॉर्ड अब उनके नाम हो गया.
यह गिनती कैसे हुई?
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दो हिस्सों में है. पहला हिस्सा - गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर. 2001 से 2014 तक करीब 13 साल तक वो गुजरात की सत्ता संभालते रहे. इस दौरान गुजरात के विकास मॉडल की चर्चा पूरे देश में होती थी.
दूसरा हिस्सा - 2014 में जब वो पहली बार देश के प्रधानमंत्री बने. तब से आज तक लगातार. इन दोनों कार्यकालों को जोड़ने पर यह आंकड़ा 8,931 दिन बनता है.
यह भी पढ़ें: 'US-इजरायल गारंटी दें कि...', ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने PM मोदी को बता दिया जंग रोकने का रास्ता
और क्या-क्या खास है प्रधानमंत्री मोदी के बारे में?
यह रिकॉर्ड अकेला नहीं है. प्रधानमंत्री मोदी के नाम और भी कई उपलब्धियां हैं. गुजरात के सबसे लंबे समय तक CM किसी और मुख्यमंत्री ने गुजरात में इतना लंबा कार्यकाल नहीं किया.
सबसे अनुभवी PM - किसी भी प्रधानमंत्री की तुलना में मोदी सबसे ज्यादा अनुभव लेकर दिल्ली पहुंचे थे.
आजादी के बाद पैदा हुए पहले PM - नरेंद्र मोदी का जन्म 1950 में हुआ. वो पहले प्रधानमंत्री हैं जो आजाद भारत में पैदा हुए. तीन बार लगातार जीत - 2014, 2019 और 2024 तीनों लोकसभा चुनावों में जनता ने उन्हें चुना.
राजनाथ सिंह ने धी बधाई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है. उन्होंने लिखा, "नरेंद्र मोदी का पूरा जीवन देश और देशवासियों की सेवा को समर्पित रहा है. गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक यह यात्रा सेवा, ईमानदारी और देश को सबसे पहले रखने की यात्रा है."