scorecardresearch
 

मॉनसून की दस्तक! 16 मई को अंडमान-निकोबार में एंट्री, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

IMD Monsoon Prediction: भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर है कि देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब जल्दी ही दस्तक देने वाला है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 16 मई 2026 के आसपास मॉनसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में पहुंच जाएगा.

Advertisement
X
केरल में मॉनसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून मानी जाती है (फाइल फोटो- PTI)
केरल में मॉनसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून मानी जाती है (फाइल फोटो- PTI)

भारत में इस साल मॉनसून अपने निर्धारित समय से पहले दस्तक दे सकता है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब आगे बढ़ने को तैयार है. 16 मई 2026 के आसपास मॉनसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है. इस बीच उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और मध्य भारत में अभी भीषण लू (हीटवेव) का प्रकोप जारी रहेगा. वहीं, उत्तर-पूर्व भारत और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश की संभावना है.

आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 20 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर में प्रवेश करता है. इसके बाद पोर्ट ब्लेयर और उत्तर अंडमान सागर तक पहुंच जाता है. वहीं, केरल में मॉनसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून मानी जाती है. लेकिन इस बार तय समय से पहले ही अंडमान सागर पहुंचने की संभावना है.

उत्तर-पूर्व भारत में भारी बारिश का सिलसिला
19 मई तक उत्तर-पूर्व के राज्यों में अच्छी बारिश होने वाली है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 19 मई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 15 से 18 मई को भारी बारिश हो सकती है. जबकि असम-मेघालय में  15 से 19 मई तक भारी बारिश की चेतावनी है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 15 मई तक भारी बारिश होने की संभावना है.

Advertisement

MP में गजब की गर्मी, पारा पहुंचा 45 डिग्री, कई जिलों में IMD का अलर्ट
 

दक्षिण भारत में बारिश-आंधी का दौर
तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 17 मई तक बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 15 और 16 मई को दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश के साथ 15 मई को ओले भी पड़ सकते हैं. जबकि  केरल और तमिलनाडु में 14 से 17 मई के बीच कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

उत्तर भारत में बारिश और लू का मिला-जुला मौसम
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 15 और 16 मई को हल्की-मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. जबकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश और आंधी आ सकती है. लेकिन इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे लू की स्थिति बनी रहेगी.

गुजरात में लू और गर्मी का सितम, पारा 44 डिग्री के पार! हीटवेव का अलर्ट
 

वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 मई तक अच्छी बारिश और गरज-चमक के साथ 30-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलेंगी. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में  17 मई तक छिटपुट बारिश और आंधी की संभावना है. बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिनों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा.

Advertisement

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में 16 मई के आसपास आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं. वहीं, 15 मई से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ असर दिखा सकता है.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement