केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (Appointments Committee of the Cabinet) ने मौजूदा वित्तीय वर्ष के 31 मार्च को समाप्त होने के साथ ही ब्यूरोक्रेसी में बड़े फेरबदल किए हैं. इन नियुक्तियों को सरकार के प्रशासनिक ढांचे को अधिक प्रभावी और रिजल्ट ओरिएंटेड बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. सीनियर आईएएस अधिकारी निवेदिता शुक्ला वर्मा को प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (DARPG) का सचिव बनाया गया है. साथ ही उन्हें पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DPPW) की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.
वहीं आईएएस चंचल कुमार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का नया सेक्रेटरी अपॉंइट किया गया है. आईएएस रोहित कंसल को ग्रामीण विकास मंत्रालय में सेक्रेटरी बनाया गया है. इस विभाग पर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की जिम्मेदारी होती है. इसके अलावा, आईएएस नरेंद्र भूषण को भूमि संसाधन विभाग का सेक्रेटरी अपॉइंट किया गया है, जबकि चंद्र शेखर कुमार को नेशनल रेनफेड एरिया अथॉरिटी (NRAA) का सीईओ बनाया गया है.
आईएएस संजय जाजू को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (DoNER) का सेक्रेटरी बनाया गया है और श्रीवत्स कृष्णा को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय का सेक्रेटरी अपॉइंट किया गया है. तेजवीर सिंह को केमिकल एंड पेट्रो-केमिकल डिपार्टमेंट में सेक्रेटरी बनाया गया है, जबकि संजय लोहिया को वित्तीय सेवा विभाग में स्पेशल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी गई है. भारत हरबंसलाल खेड़ा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) अपॉइंट किया गया है. आईएएस अभिषेक सिंह को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) का डायरेक्टर जनरल बनाया गया है और भुवनेश कुमार को पर्यटन मंत्रालय का सेक्रेटरी अपॉइंट किया गया है.