scorecardresearch
 

सऊदी में एक और भारतीय की मौत... मिडिल ईस्ट की जंग में अब तक 6 की गई जान

मिडिल ईस्ट में जारी जंग थमती नजर नहीं आ रही है. युद्ध के चलते कई लोग अपनी जान गंवा रहे हैं. इस जंग के चलते खतरा वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों पर भी मंडरा रहा है. अब तक 6 भारतीय नागरिकों के मारे जाने की खबर सामने आई है.

Advertisement
X
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग को 21दिन पूरे हो चुके हैं. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग को 21दिन पूरे हो चुके हैं. (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मिडिल ईस्ट में जंग जारी है. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को 20 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं. इस बीच सऊदी अरब की राजधानी रियाद में जंग के चलते एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है. हालांकि अभी तक मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. इसके साथ ही इस युद्ध के कारण जान गंवाने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है.

18 मार्च को सऊदी अरब ने दावा किया कि उसने रियाद को निशाना बनाकर दागी गई चार बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराया. इनमें से कुछ का मलबा शहर के दक्षिण में स्थित एक रिफाइनरी के पास गिरा. आशंका जताई जा रही है कि इसी गिरते मलबे की चपेट में आने से भारतीय नागरिक की मौत हुई.

यह हमला ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर इजरायल के हमलों के जवाब में किया गया था. यह दुनिया का सबसे बड़ा गैस क्षेत्र है, जिसे ईरान की घरेलू बिजली आपूर्ति और वैश्विक एलएनजी सप्लाई के लिए बेहद अहम माना जाता है.

अल जजीरा की एक रिपोर्ट के अनुसार, 18 मार्च को रियाद में कई लोगों ने पहली बार धमाकों की आवाज सुनी और उनके मोबाइल पर अलर्ट भी जारी किया गया.

यह भी पढ़ें: अटकलों के बीच ईरान ने किया मोजतबा खामेनेई का ‘रेयर वीडियो’ रिलीज

6 भारतीय नागरिकों की गई जान

Advertisement

28 फरवरी 2026 से शुरू हुए इस संघर्ष के बाद से ईरान ने सऊदी अरब समेत खाड़ी देशों की ओर मिसाइलों और कम लागत वाले ड्रोन लगातार दागे हैं. खाड़ी देशों में लाखों भारतीय प्रवासी रहते हैं, जो निर्माण, स्वास्थ्य, हॉस्पिटैलिटी और वित्त जैसे क्षेत्रों में काम करते हैं. जानकारी के अनुसार अब तक इस संघर्ष में 6 भारतीयों की जान जा चुकी है.

14 मार्च को ओमान के सोहर में हुए ड्रोन हमले में 2 भारतीयों की मौत हुई थी. वहीं, एक हफ्ते पहले सऊदी अरब के अल-खार्ज में एक भारतीय नागरिक की जान गई थी, जब ईरानी मिसाइल रडार सिस्टम को निशाना बनाते हुए रिहायशी इलाके में जा गिरी थी.

इसके अलावा एक भारतीय नागरिक लापता बताया जा रहा है. विदेश मंत्रालय में खाड़ी मामलों के एडिशनल सेक्रेटरी असीम महाजन ने बताया कि, अब तक इस संघर्ष में 6 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है और एक नागरिक लापता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement