विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष में जान गंवाने वाले पांच भारतीय नागरिकों में से दो के पार्थिव शरीर आज भारत पहुंच गए हैं, जबकि अन्य तीन के पार्थिव शरीरों को शीघ्र वापस लाने के प्रयास जारी हैं. उन्होंने बताया कि घायल भारतीयों की स्थिति स्थिर है और भारतीय दूतावास लगातार घायलों की सहायता कर रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि एक भारतीय नागरिक अभी-भी लापता है.
दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन ने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है.
विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने कहा, 'ओमान के सोहार शहर में हुई घटना में दुर्भाग्यवश जान गंवाने वाले दो भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर आज जयपुर में उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं. हम मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.'
इराक में ‘सेफसी विष्णु’ टैंकर पर हमला
मंत्रालय ने बताया कि ओमान में घायल हुए अन्य भारतीयों की स्थिति पर दूतावास लगातार नजर रख रहा है और राहत की बात ये है कि कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है. इराक के बसरा में 'सेफसी विष्णु' तेल टैंकर पर 9 मार्च को हुए हमले के बाद सुरक्षित निकाले गए 15 क्रू मेंबर्स फिलहाल वहां एक होटल में ठहरे हुए हैं. भारतीय मिशन की टीम जमीन पर मौजूद है, ताकि इन सदस्यों की जल्द वतन वापसी सुनिश्चित की जा सके.
साथ ही, वहां जान गंवाने वाले एक भारतीय नागरिक के पार्थिव शरीर को लाने की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.
एक भारतीय नागरिक लापता
वहीं, खाड़ी क्षेत्र में हुई पिछली घटनाओं में अब तक कुल पांच भारतीयों की मौत हुई है और एक नागरिक अब भी लापता है. ओमान, इराक और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय मिशन लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं, ताकि लापता व्यक्ति का पता लगाया जा सके.
विदेश मंत्रालय ने नागरिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए एक समर्पित विशेष कंट्रोल रूम भी सक्रिय रखा है. असीम महाजन ने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद बाकी तीन शवों को भी जल्द ही भारत लाया जाएगा.
नॉन-शेड्यूल फ्लाइट्स का संचालन जारी
असीम महाजन ने बताया कि एयरलाइंस संचालन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मिडिल ईस्ट से सीमित नॉन-शेड्यूल उड़ानें चला रही हैं. उन्होंने बताया कि मंगलवार को यूएई के विभिन्न एयरपोर्ट्स से भारत के लिए लगभग 70 उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है. इसी तरह सऊदी अरब से भी भारत के अलग-अलग शहरों के लिए उड़ानें चल रही हैं. कतर एयरवेज ने भी अपनी सेवाएं जारी रखी हैं, जिसने कल तीन उड़ानें संचालित कीं और आज भी तीन उड़ानों के संचालन की संभावना है. सरकार स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है.