तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय (TNAU) की एक एसोसिएट प्रोफेसर दो महीने के ट्रेनिंग प्रोग्राम में इजराइल गईं थीं. वहां हमास के अटैक के बाद वह प्रभावित इलाके में फंस गई हैं. उन्होंने भारत वापसी के लिए मदद मांगी है. महिला प्रोफेसर के पति भी टीएनएयू में विभागाध्यक्ष हैं, उन्होंने पत्नी को वापस भारत लाने में सरकार से मदद मांगी है.
जानकारी के अनुसार, एग्रोनॉमी में पीएचडी धारक राधिका बेन 'गुरियन विश्वविद्यालय' में भारत सरकार द्वारा प्रायोजित दो महीने के ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने 23 सितंबर को इजराइल गईं थीं. वहां हमास के हमले के बाद वह फंस गईं. राधिका के पति पति तमिलनाडु और केंद्र सरकार के साथ संपर्क में हैं.
बता दें कि राधिका के पति टी रमेश भी टीएनएयू के एसोसिएट प्रोफेसर और विभाग के प्रमुख हैं. उन्होंने कहा कि पत्नी राधिका दक्षिणी इजराइल के एक बड़े रेगिस्तानी क्षेत्र द नेगेव में फंसी हुई हैं. यह क्षेत्र गाजा के करीब है.
रमेश ने बताया कि तीन दिनों तक पत्नी को एक आश्रय स्थल के नीचे रहना पड़ा. इसके बाद जैसे ही बमबारी से पहले सायरन की आवाज गूंजी तो इजरायली सरकार की घोषणा के बाद नेगेव में वह वहां से एक सेफ रूम में पहुंचीं.
13 साल का बेटा घर पर कर रहा है मां का इंतजार
रमेश ने कहा कि पत्नी राधिका सुरक्षित हैं. उन्हें भोजन और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. इजराइल और फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास के बीच चल रहे युद्ध की वजह से वह तनाव में हैं. वह जल्द से जल्द घर लौटना चाहती हैं. हमारा 13 साल का बेटा अपनी मां का घर पर इंतजार कर रहा है. भारतीय दूतावास पहले संपर्क किया है. उन्होंने जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
नागरिकों को वापस लाने के लिए सरकार ने शुरू किया है ऑपरेशन
भारत सरकार ने इजराइल और फिलिस्तीन से नागरिकों को वापस लाने के लिए ऑपरेशन शुरू किया है. तमिलनाडु सरकार की ओर से बयान में कहा गया कि राज्य के लगभग 21 लोग 12 अक्टूबर को पहली उड़ान में नई दिल्ली पहुंचे हैं.
चेन्नई में एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि कोयंबटूर, तिरुवरूर, कुड्डालोर, तिरुचिरापल्ली, थेनी, करूर, विरुधुनगर, नमक्कल, पुदुकोट्टई, कांचीपुरम और चेन्नई से सभी 21 लोग क्रमशः चेन्नई और कोयंबटूर हवाई अड्डों पर पहुंचे थे.
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने क्या कहा?
वहीं मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के हवाले से विज्ञप्ति में कहा गया कि राज्य सरकार केंद्र और भारतीय दूतावास के अधिकारियों के माध्यम से इजरायल में फंसे सभी तमिलों की सुरक्षित वापसी के लिए कदम उठा रही है. (PTI)