केरल के कोट्टायम शहर में शराब के नशे में हुई मामूली कहासुनी ने कुछ ही देर में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. शनिवार रात सेंट्रल जंक्शन पर हुए विवाद में 32 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया.
एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे आरोपी
एक एजेंसी के मुताबिक मृतक की पहचान पंपाडी निवासी विनीत के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार विनीत अक्सर शहर में घूमता-फिरता रहता था. वहीं, आरोपी की पहचान मंगानाम निवासी श्रीकांत के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे.
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 11:30 बजे दोनों की मुलाकात सेंट्रल जंक्शन पर हुई. उस समय दोनों कथित तौर पर शराब के नशे में थे. ऐसे में किसी बात को लेकर उनके बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि गुस्से में आकर श्रीकांत ने चाकू निकालकर विनीत पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से विनीत मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की नाइट पेट्रोल टीम मौके पर पहुंची और घायल विनीत को तुरंत कोट्टायम जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी श्रीकांत को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया. पूछताछ में सामने आया कि श्रीकांत किसी कार्यक्रम में शराब पीने के बाद घर लौट रहा था, तभी उसकी विनीत से कहासुनी हो गई.
कोट्टायम वेस्ट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. वहीं, आरोपी को रविवार को अदालत में पेश कर रिमांड की कार्यवाही पूरी की जाएगी. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.