केरल के वायनाड जिले में मंगलवार को भारी बारिश के बीच हुए लैंडस्लाइड में तीन लोगों की जान चली गई. कई वीडियो में दिख रहा है कि हादसा कितना भयावह था. घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. इस बीच मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने लैंडस्लाइड कितना भयंकर था, इसका जिक्र किया है.
एक वीडियो में दिख रहा है कि जमीन धसकती जा रही है और दलदली मलबा बहकर आगे बढ़ते हुए सड़क पर मौजूद गाड़ियों-लोगों को अपनी चपेट में लेता जा रहा है. वहीं, एक डरावने वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स लोगों को चिल्लाकर कह रहा है, भागो-भागो... जल्दी भागो... भाई.. जल्दी भागो!
इसके कुछ ही सेकंड बाद मिट्टी का विशाल ढेर अचानक सड़क और पुल की ओर तेजी से खिसकने लगता है. यह हादसा कल्लाडी स्थित मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ, जहां कोझिकोड और वायनाड को जोड़ने वाली अनाक्कमपोयिल-मेप्पाडी सुरंग सड़क प्रोजेक्ट का निर्माण जारी है.
बारिश के कारण अचानक ढहा मिट्टी का बड़ा हिस्सा
लगातार बारिश के कारण निर्माण स्थल पर जमा मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया. मिट्टी के साथ कई पेड़ उखड़ गए और निर्माण स्थल पर लगाए गए लोहे व कपड़े के बैरिकेड भी बह गए. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि कई लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, जान बचाने के लिए भागने की कोशिश करते हैं, लेकिन मिट्टी का तेज बहाव उन्हें अपनी चपेट में ले लेता है.
पुल पर खड़ा एक टैंकर ट्रक भी मिट्टी के साथ बहता हुआ दूसरी ओर पहुंच गया और वहां खड़ी एक जीप से टकरा गया. चमत्कारिक रूप से एक शख्स और एक महिला ट्रक और जीप के बीच से बाहर निकल आए. दोनों पूरी तरह मिट्टी से लथपथ थे, लेकिन उनकी जान बच गई. कुछ अन्य लोग भी घायल अवस्था में बाहर निकलते दिखाई दिए.
नदी में जा गिरी मजदूरों से भरी बस
भूस्खलन की चपेट में आकर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली एक निजी बस भी पास की नदी में जा गिरी और आधी पानी में डूब गई. हादसे के बाद पूरा पुल और आसपास का इलाका मोटी मिट्टी की परत से ढक गया.
पुलिस और National Disaster Response Force (एनडीआरएफ) की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं. प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि मलबे के नीचे कोई व्यक्ति फंसा तो नहीं है. अनाक्कमपोयिल-मेप्पाडी सड़क परियोजना का निर्माण कार्य पिछले वर्ष शुरू हुआ था.