केरलम (पहले का केरल) के मुंदथिक्कोड में मंगलवार को एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. जिस समय धमाका हुआ, वहां शेड में करीब 40 लोग मौजूद थे जो पटाखे बना रहे थे.
फैक्ट्री में त्रिशूर पूरम उत्सव के लिए एक मंदिर देवस्वोम की ओर से पटाखे तैयार करवाए जा रहे थे. तभी धमाका हो गया और कई लोग इसके चपेट में आ गए. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. 5 लोगों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है.
ये पटाखे धान के खेत के बीच एक सुनसान इलाके में बने कई अस्थायी शेडों में बनाए जा रहे थे. मौके पर पहुंचे एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि वहां लगभग 40 मजदूरों के लिए खाने का इंतजाम किया गया था. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हादसे के वक्त वहां इतने लोग मौजूद रहे होंगे.
रुक-रुककर होते रहे कई धमाके
धमाका दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ और स्थानीय लोगों की मानें तो रुक-रुक कर और भी धमाके होते रहे. इस वजह से बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं. राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने घायलों के लिए विशेष इलाज कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने त्रिशूर सरकारी मेडिकल कॉलेज और त्रिशूर जनरल अस्पताल में सभी जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा है.
आपातकालीन स्थिति के लिए एंबुलेंस और कनिव 108 सेवा को भी तैनात किया गया है.घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: दादरा नगर हवेली: नाइट्रोजन गैस सिलेंडर में ब्लास्ट, 4 लोगों की मौत, 6 जख्मी
लगातार हो रहे छोटे विस्फोटों से रेस्क्यू में दिक्कत
फिलहाल दमकल विभाग, बचाव दल और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं. हालांकि, लगातार हो रहे छोटे विस्फोटों की वजह से अभियान चलाने में परेशानी हो रही है. कुछ कर्मचारी मामूली चोटों के साथ वहां से भागने में कामयाब रहे.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धमाके में मारे गए लोगों के लिए शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'केरलम के त्रिशूर में आतिशबाजी कारखाने में हुए विस्फोट के कारण हुई जानमाल की हानि के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.'