scorecardresearch
 

Weather Tomorrow: गर्मी से झुलस रहा उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत, पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट, जानें कल कैसा रहेगा मौसम

Weather Forecast Tomorrow 20th May 2026: उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी और भीषण लू का प्रकोप जारी है. उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. एक तरफ जहां उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत गर्मी में झुलस रहा है तो वहीं, पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट है.

Advertisement
X
IMD Weather forecast (Photo created by- Vani Gupta/AajTak)
IMD Weather forecast (Photo created by- Vani Gupta/AajTak)

उत्तर भारत समेत देश के बड़े हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं. वहीं, कुछ इलाकों में राहत की बारिश की उम्मीद जगी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू से लेकर भीषण हीटवेव की स्थिति पूरे सप्ताह बनी रहने वाली है. वहीं, दूसरी ओर अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है, जो 21 से 25 मई तक जारी रह सकता है.

कहां-कहां लू का अलर्ट जारी?
IMD के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 25 मई तक भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 21 मई तक भीषण गर्मी रहेगी. जबकि 22 से 25 मई तक सामान्य लू चलेगी. वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में 25 मई तक हीटवेव की स्थिति रहेगी, जिसमें 20 मई को कुछ इलाकों में भीषण लू देखने को मिल सकती है. 

राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है. महाराष्ट्र और गुजरात में अधिकतम तापमान में 20 मई से 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, लेकिन बाकी देश में तापमान में कोई खास बदलाव होने वाला नहीं है.

प्रयागराज में 'पारे का राज', गर्मी 44 डिग्री पार... सड़कों से संगम तक सन्नाटा
 

Advertisement

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 से 25 मई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 23 और 24 मई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश (Isolated Very Heavy Rainfall) हो सकती है. IMD ने असम और मेघालय में 23 से 25 मई को भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में पूरे हफ्ते भारी बारिश की संभावना है.

दक्षिण भारत में बारिश के साथ आंधी-तूफान
IMD के मुताबिक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में 25 मई तक  हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में 21 मई के आसपास भारी बारिश हो सकती है. 

चरम पर गर्मी, पारा 46 डिग्री पार... लू का रेड जोन बना पश्चिमी राजस्थान
 

इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की-मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में 25 मई तक 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार वाली सतही हवाएं चलेंगी. जबकि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और थंडरस्क्वॉल की संभावना है.

Advertisement

ऐसे में लोगों को सलाह है कि भीषण गर्मी वाले इलाकों में दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें. खूब पानी पिएं औरहल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें. वहीं, बारिश वाले इलाकों में किसानों को सावधानी बरतने की जरूरत है.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement