दिल्ली से चेन्नई जा रही IndiGo की फ्लाइट में उड़ान के दौरान एक यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा. इसके बाद विमान को हैदराबाद डायवर्ट किया गया. विमान ने राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. घटना के बाद यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान का इंतजाम किया गया.
यह घटना 11 अक्टूबर को IndiGo की फ्लाइट 6E 6115 में हुई. एयरलाइन के मुताबिक, विमान में धुआं निकलने की जानकारी मिलते ही केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को संभाल लिया. इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को हैदराबाद ले जाने का फैसला किया गया.
यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से निकला धुआं
विमान दिल्ली से चेन्नई जा रहा था. इसी दौरान एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा. शुरुआती जानकारी में पावर बैंक में आग लगने की बात कही गई थी, लेकिन IndiGo ने अपने बयान में डिवाइस की पहचान नहीं बताई. एयरलाइन ने सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने की पुष्टि की है. विमान में धुआं निकलने के बाद क्रू ने तुरंत स्थिति को संभाला. इसके बाद पायलटों ने विमान को हैदराबाद डायवर्ट किया. विमान वहां सुरक्षित उतर गया. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि डिवाइस से धुआं निकलने की वजह क्या थी.
यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान का इंतजाम
हैदराबाद में विमान के उतरने के बाद यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई. IndiGo ने कहा कि यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया जा रहा है और उन्हें आगे की यात्रा से जुड़ी जानकारी दी जा रही है. एयरलाइन ने इस वजह से यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया. घटना के बाद IndiGo ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
फिलहाल, विमान में सवार यात्रियों की संख्या और घटना में किसी के घायल होने को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है. धुआं निकलने वाले डिवाइस की पहचान और घटना की वजह भी स्पष्ट नहीं है.