भारतीय रेलवे ने रक्सौल से तिरुपति के लिए डायरेक्ट ट्रेन शुरू करके मिथिलांचल के रेलयात्रियों को तोहफा दिया है. इस ट्रेन के शुरू होने से तिरुपति बालाजी मंदिर के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी ट्रेन सेवा मिल गई है. बता दें कि रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर रक्सौल और तिरुपति के बीच दिनांक 1 जून 2026 से नई साप्ताहिक ट्रेन 17434/17433 रक्सौल-तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस का परिचालन शुरू कर दिया है.
रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस ट्रेन का रूट क्या है?
यह नई ट्रेन रक्सौल से प्रत्येक गुरुवार को और तिरुपति से प्रत्येक सोमवार को चलेगी. पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि इस नई ट्रेन का परिचालन दरभंगा-समस्तीपुर-बरौनी-झाझा-धनबाद-रांची-राउरकेला-बिलासपुर-रायपुर-गोंदिया-सिकंदराबाद के रास्ते किया जाएगा.
नई ट्रेन में द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के 03, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी को 05, शयनयान श्रेणी के 10, सामान्य श्रेणी के 04 कोच एवं एसएलआरडी के 02 कोच सहित कुल 24 कोच होंगे.रेलवे के अनुसार, स्लीपर क्लास के कोच अधिक लगाएं गए हैं, ताकि मध्यम वर्ग के लोगों को भी आसानी से सीट उपलब्ध हो सके. इस ट्रेन के शुरू होने से तिरुपति बालाजी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को बहुत आसानी होगी.
देखें ट्रेन का टाइम शेड्यूल
गाड़ी संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस दिनांक 01.06.2026 से प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से 08.15 बजे खुलकर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए बुधवार को 03.45 बजे धनबाद, 08.00 बजे झाझा, 08.51 बजे किउल, 10.40 बजे बरौनी, 12.15 बजे समस्तीपुर, 13.28 बजे दरभंगा एवं 14.55 बजे सीतामढ़ी रुकते हुए 17.00 बजे रक्सौल पहुंचेगी.
वहीं, गाड़ी संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस दिनांक 04.06.2026 से प्रत्येक गुरुवार को रक्सौल से 03.15 बजे खुलकर 04.42 बजे सीतामढ़ी, 07.00 बजे दरभंगा, 08.13 बजे समस्तीपुर, 09.20 बजे बरौनी, 10.38 बजे किउल, 12.20 बजे झाझा एवं 16.15 बजे धनबाद सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए शनिवार को 09.30 बजे तिरुपति पहुंचेगी.