scorecardresearch
 

UP: प्रधानी चुनाव की रंजिश में दो मासूम भाइयों का कत्ल, 5 आरोपी गिरफ्तार

बांदा के नंदवारा गांव में 6 और 4 साल के दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. दोनों बच्चे 30 सितंबर को खेलते समय लापता हुए थे और रात में पड़ोसी के घर के पास नींव के गड्ढे में उनके शव मिले थे. परिजनों ने प्रधानी चुनाव की रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है.

Advertisement
X
9 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का केस.(Photo: ITG)
9 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का केस.(Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के बांदा में 6 और 4 साल के दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव में 30 सितंबर को दोनों बच्चे खेलते-खेलते अचानक लापता हो गए थे. परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. कुछ देर की खोजबीन के बाद रात में दोनों बच्चों के शव पास के एक घर में नींव भरने के लिए खोदे गए गड्ढे में मिले. शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए. मृतकों की पहचान भइया राम के बेटों मनोज (6) और युवराज (4) के रूप में हुई. भइया राम मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उनके दो बेटे थे और एक बेटी है. परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते दोनों बच्चों की हत्या की गई.

यह भी पढ़ें: बांदा-टांडा NH पर भरा 3 फीट पानी, सड़क बनी तालाब; जानलेवा गड्ढों में फंस रहीं गाड़ियां, पलटा ट्रैक्टर

9 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का केस

घटना के बाद पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चों की मौत सिर में चोट लगने और हेड इंजरी से होने की बात सामने आई. रिपोर्ट में मुंह से खून आने का भी जिक्र है, जबकि पेट में पानी नहीं मिला.

Advertisement

बांदा​

एसपी से बातचीत के बाद परिवार ने दोनों मासूमों का अंतिम संस्कार किया. गांव में बच्चों के शव देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. मां बेसुध होकर बार-बार अपने बच्चों को खोजती रही और पूछती रही कि उसके दोनों लाल कहां चले गए. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है.

मामले की संवेदनशीलता और रंजिश को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है. परिजनों का आरोप है कि घटना के पीछे प्रधानी चुनाव की दुश्मनी है. परिवार ने पुलिस को पहले हुए विवाद की जानकारी भी दी है.

पेड़ काटने को लेकर हुआ था विवाद, दी थी धमकी

परिजनों के मुताबिक, कुछ महीने पहले एक पेड़ गिर गया था. उसे काटने को लेकर पड़ोसी से उनका विवाद हुआ था. परिवार का आरोप है कि पेड़ काटने से मना करने पर पड़ोसी पक्ष ने दबंगई दिखाते हुए उनके साथ मारपीट की थी. इस मामले में उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी.

परिजनों का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की. परिवार के मुताबिक, विवाद के दौरान उन्हें देख लेने और वंश नाश करने की धमकी भी दी गई थी. आरोप है कि इसी रंजिश में मौका पाकर उनके दोनों मासूम बेटों की हत्या कर दी गई.

Advertisement

परिवार की ओर से लगाए गए इन्हीं आरोपों के आधार पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. अब विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है.

बांदा​

5 आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

एएसपी शिवराज ने बताया कि नरैनी पुलिस ने नंदवारा गांव के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को दोनों छोटे बच्चों के शव उनके घर के बगल में एक गड्ढे में मिले थे. इसके बाद पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई.

इस संबंध में नरैनी थाने में नौ लोगों के खिलाफ हत्या का अभियोग दर्ज किया गया था. विवेचना के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया. प्रथम दृष्टया मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर 3 अक्टूबर को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, मामले में चार अन्य नामजद आरोपी अभी बाकी हैं. उनके संबंध में तलाश और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई चल रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement