भारत ने अफगानिस्तान के भीतर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है. भारत ने कहा है कि किसी भी देश को अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करना चाहिए और वहां नागरिकों पर हमले पूरी तरह अस्वीकार्य हैं.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शनिवार को इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान की सीमा के भीतर किए गए हवाई हमलों में कई नागरिकों की मौत हुई है और नागरिक ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है. उन्होंने इसे पाकिस्तान की आक्रामक कार्रवाई बताते हुए इसकी आलोचना की.
अफगानिस्तान की संप्रभुता का सम्मान जरूरी: भारत
रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत इस घटना की कड़ी निंदा करता है और यह पाकिस्तान की ओर से एक और आक्रामक कदम है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का यह रवैया दिखाता है कि वह एक संप्रभु और स्वतंत्र अफगानिस्तान की अवधारणा के प्रति अब भी शत्रुतापूर्ण दृष्टिकोण रखता है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह भी दोहराया कि अफगानिस्तान की संप्रभुता और उसकी क्षेत्रीय अखंडता का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा वो किसी भी देश द्वारा ऐसी सैन्य कार्रवाई क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकती है.
पाकिस्तान का हमला आक्रामक कदम: रणधीर जायसवाल
दरअसल हाल के हफ्तों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. इसी दौरान पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान के भीतर हवाई हमले किए, जिनमें कई लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि इन हमलों में नागरिकों को भी नुकसान पहुंचा है और कई इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं.
भारत लंबे समय से अफगानिस्तान की स्थिरता और शांति का समर्थन करता रहा है. भारत का मानना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय नियमों और संप्रभुता के सिद्धांतों का सम्मान करना चाहिए.
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव से पूरे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति प्रभावित हो सकती है. फिलहाल इस मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजर बनी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास किए जाएंगे.