भारत सरकार ने ब्लैक सी (काला सागर) और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में चलने वाले कमर्शियल जहाजों पर काम करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी में कहा गया है कि इस इलाके में चल रहे संघर्ष के कारण पूरे क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति बेहद अस्थिर बनी हुई है. इस क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों समेत कई बड़े सुरक्षा खतरों का सामना करना पडा रहा है.
भारत सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि अप्रैल 2026 से इन जलमार्गों में मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसमें 5 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है. जो भारतीय नागरिक संघर्ष वाले इलाके में चलने वाले या वहां से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों पर काम करना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वो ऐसे काम को स्वीकार करने से पहले मौजूदा सुरक्षा खतरों का अच्छी तरह से पड़ताल कर लें. जो लोग ऐसा काम चुनते हैं, उन्हें बहुत सावधानी बरतनी चाहिए और नीचे दी गई सावधानियों का पालन करना चाहिए.
काम से पहले जानें रूट
एडवाइजरी में इन क्षेत्रों में काम करने वाले नाविकों को सलाह देते हुए कहा गया है कि नौकरी देने वाली/भर्ती एजेंसियों और जहाज ऑपरेटरों से जहाज के तय रूट, रुकने वाले बंदरगाहों, सुरक्षा इंतजामों, इंश्योरेंस कवरेज और इमरजेंसी स्थिति में कार्रवाई के तरीकों के बारे में पूरी जानकारी लें. पक्का करें कि नौकरी की शर्तें लागू अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों के अनुसार हों और इमरजेंसी स्थिति में मेडिकल देखभाल, सुरक्षित बाहर निकालने (इवैक्यूएशन), स्वदेश वापसी और मुआवजे के लिए उचित प्रावधान हों.
एडवाइजरी का करें पालन
सरकार ने नाविकों को अपने परिवार के साथ लगातार संपर्क में रहने और अपनी यात्रा की जानकारी देने को भी कहा है. इसके अलावा डायरेक्टरेट जनरल ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन और भारत सरकार के अन्य संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी सलाहों साथ ही जहाज ऑपरेटरों और सक्षम समुद्री अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों पर नियमित रूप से नजर रखें और उनका पालन करें. खासकर, भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वो 23 जुलाई 2026 को पोर्ट्स, शिपिंग और वॉटरवेज मंत्रालय के डायरेक्टरेट जनरल ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा जारी हालिया सुरक्षा सलाह को देखें.
हेल्प लाइन नंबर किए जारी
क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कांसुलर सहायता के लिए भारतीय नागरिकों को रूस और यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावासों से संपर्क करने को कहा गया है. रूस स्थित भारतीय दूतावास का आपातकालीन संपर्क नंबर +7 9652773414 है और यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास का संपर्क नंबर +38 0933559958 जारी किया गया है.