हरियाणा के कुरुक्षेत्र में जम्मू-कश्मीर जा रही एक बस पर ईंट-पत्थर फेंकने की घटना सामने आई है. इस घटना में एक बुजुर्ग यात्री को चोटें आई हैं. जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा सरकार से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है. अब बस के ड्राइवर ने घटना की पूरी आपबीती सुनाई है.
ड्राइवर के मुताबिक, वह दिल्ली से श्रीनगर की ओर जा रहा था. रात के खाने के लिए बस हरियाणा के करनाल के आगे नीलोखेड़ी स्थित डिवाइन स्टार होटल पर रुकी थी. वहां, पार्किंग में हरियाणा नंबर प्लेट की एक बलेनो कार पहले से खड़ी थी. ड्राइवर ने बताया कि बस पार्क करने के करीब एक मिनट बाद ही किसी ने चिल्लाकर कहा, 'आतंकवादी यहां से गाड़ी हटा.'
ड्राइवर ने बताया कि कुछ लोगों ने उससे कहा कि जम्मू-कश्मीर की गाड़ी यहां खड़ी नहीं हो सकती. ड्राइवर के मुताबिक उस व्यक्ति ने कहा, 'गाड़ी हटा. जल्दी यहां से निकाल गाड़ी. तू यहां गाड़ी पार्क नहीं कर सकता. हम ऐसा नहीं होने देंगे. जम्मू-कश्मीर की गाड़ी यहां खड़ी नहीं हो सकती.' ड्राइवर के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने बस के सामने वाले शीशे पर हमला किया और उसके साथ मारपीट की.
गोली मारने की धमकी दी- ड्राइवर ने लगाया आरोप
ड्राइवर के मुताबिक, आरोपियों ने पहले बस की आगे की नंबर प्लेट तोड़ी और फिर पीछे की नंबर प्लेट भी तोड़ दी. इस दौरान कुछ और लोग भी उनके साथ शामिल हो गए. उन्होंने बताया कि वे लोग बार-बार कह रहे थे कि जम्मू-कश्मीर की गाड़ी हरियाणा में नहीं होनी चाहिए.
बस ड्राइवर का आरोप है कि उन लोगों ने उसे गोली मारने तक की धमकियां दी. उन्होंने कहा, 'हम तुम्हें गोली मार देंगे, तुम्हारी गाड़ी में आग लगा देंगे. तुम्हें जान से मार देंगे.' ड्राइवर ने इस मामले में न्याय की मांग की है. बस में यात्रियों की संख्या के बारे में ड्राइवर ने बताया कि उस समय कुल 35 यात्री सवार थे. इनमें से लगभग 80% यात्री बस से बाहर थे और उस दौरान अंदर सिर्फ 4-5 लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: कश्मीर जा रही बस पर हरियाणा में फेंके गए ईंट-पत्थर, भड़के CM उमर, बोले- तुरंत एक्शन हो
CM उमर अब्दुल्ला ने जताई नाराजगी
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है. उमर अब्दुल्ला ने X पर पोस्ट करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है. उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है.
पुलिस ने बताई सच्चाई
पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुई. दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस नीलोखेड़ी के बुटाना थाना क्षेत्र में स्थित 'डिवाइन स्टार ढाबा' पर रुकी तो पार्किंग एरिया में बस के एक यात्री और कार में सवार दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई. बहस बढ़ी तो कार सवार युवकों ने कथित तौर पर बस पर ईंटें और पत्थर फेंके. जिससे बस की खिड़कियां टूट गईं. इसी दौरान कांच के टुकड़े लगने से एक बुजुर्ग यात्री को चोटें आई.
कोई सांप्रदायिक पहलू नहीं: हरियाणा पुलिस
हरियाणा पुलिस ने घटना में सांप्रदायिक पहलू की बात को खारिज किया है. बुटाना के SHO, विपिन कुमार और जांच अधिकारी ने मीडियाकर्मियों को बताया कि यह घटना पार्किंग विवाद के कारण हुई. बहस में शामिल बस यात्री और दोनों कार सवार युवकों ने शराब पी रखी थी. पुलिस ने कहा, "आपसी मौखिक झड़प हुई थी. पास में पड़े पत्थरों और ईंटों का इस्तेमाल कार सवार युवकों ने बस पर हमला करने के लिए किया था. शीशा टूटने से एक यात्री को मामूली चोट आई."