मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा रद्द कर दिया गया है. छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी ऑफिशियल लेटर में दौरा स्थगित करने के पीछे 'अपरिहार्य कारण' बताया गया है. फिलहाल दौरे की नई तारीख की घोषणा नहीं की गई है.
ज्ञानेश कुमार का यह दौरा ऐसे समय में रद्द हुआ है, जब उनके इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, संसद में महाभियोग प्रस्ताव के लिए नोटिस दिए जाने की सुगबुगाहट है और सुप्रीम कोर्ट में भी चुनाव आयोग से जुड़े मामलों को लेकर याचिकाएं पहुंची हैं. इससे पहले भी विवादों के बीच ज्ञानेश कुमार के उत्तर प्रदेश के मेरठ और वाराणसी के दौरे स्थगित हुए थे. इससे पहले लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के प्रस्तावित दौरे भी स्थगित किए जा चुके हैं.
यह भी पढ़िएः ज्ञानेश कुमार को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, दायर हुई अर्जी पर इस दिन सुनवाई
दंतेश्वरी और भोरमदेव मंदिर जाने का था कार्यक्रम
अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त का कई प्रमुख स्थानों पर जाने का कार्यक्रम था. वह दंतेवाड़ा जिले के प्रसिद्ध दंतेश्वरी माता मंदिर, बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और कबीरधाम यानी कवर्धा जिले के भोरमदेव मंदिर जाने वाले थे. ज्ञानेश कुमार के इस दौरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें 'राज्य अतिथि' घोषित किया था. रायपुर प्रशासन, पुलिस विभाग और स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों ने उनके स्वागत और सुरक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी थीं. हालांकि, दौरा स्थगित होने के बाद इन तैयारियों पर भी फिलहाल ब्रेक लग गया है.
SIR और फॉर्म-6 को लेकर विपक्ष हमलावर
CEC का दौरा ऐसे समय में स्थगित हुआ है, जब दिल्ली में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और फॉर्म-6 में बदलावों को लेकर निर्वाचन आयोग के आंतरिक फैसलों पर विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. हालांकि, छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से दौरा स्थगित करने का कारण केवल 'अपरिहार्य' बताया गया है. आधिकारिक तौर पर इसे मौजूदा विवाद या विरोध प्रदर्शनों से नहीं जोड़ा गया है.
रायपुर स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बताया कि अभी दौरे की नई तारीख तय नहीं की गई है. भारतीय निर्वाचन आयोग से संशोधित कार्यक्रम मिलने के बाद नई तारीख की जानकारी अलग से साझा की जाएगी.