गोवा के असगांव स्थित हैप्पी बार जंक्शन पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार किराए की थार एसयूवी ने भोपाल से आए पर्यटकों की हैचबैक कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस भयावह सड़क हादसे में 65 वर्षीय भगतराम शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार दो अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं. हादसे के दौरान कार में मौजूद पांच महीने का एक मासूम बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया, जिसे लोग चमत्कार मान रहे हैं.
चश्मदीदों के मुताबिक, किराए की थार को एक युवती चला रही थी, जिसने जंक्शन पर अपनी कार से कंट्रोल खो दिया था.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद थार में सवार युवतियों ने जवाबदेही से बचने के लिए आपस में ड्राइवर की सीट बदलने की कोशिश की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.
भीषण टक्कर से चकनाचूर हुई कार
हादसा उस वक्त हुआ, जब भोपाल से आया शर्मा परिवार अपनी निजी कार से गोवा की सैर पर निकला था. असगांव जंक्शन पर सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी कार को इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय निवासी तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भगतराम शर्मा दम तोड़ चुके थे.
यह भी पढ़ें: 1940 के गोवा में सेट है 'टॉक्सिक', यश निभा रहे खूंखार गैंगस्टर का रोल? लीक हुई कहानी
ड्राइवर बदलने की कोशिश का आरोप
हादसे के बाद मौके पर भारी तनाव फैल गया. वहां मौजूद लोगों ने दावा किया कि थार में सवार युवतियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपनी सीटें बदलने का प्रयास किया, जिससे असली ड्राइवर का पता न चल सके. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है, जिससे यह साफ हो सके कि कार वास्तव में कौन चला रहा था.