रातभर हुई मूसलाधार बारिश से मुंबई के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है, वहीं मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली से पंजाब तक आंधी-बारिश का बड़ा अलर्ट जारी कर दिया है. उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आज गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं. इसके उलट, असम और मेघालय में अगले कुछ दिनों तक लोगों को भारी उमस और गर्मी परेशान करेगी, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.
इस बदलाव से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. तापमान गिरकर 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच आ सकता है. हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज आंधी की वजह से पेड़ गिर सकते हैं और बिजली या फोन की लाइनें खराब हो सकती हैं. इसलिए खराब मौसम के दौरान लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है.
असम में सताएगी भीषण गर्मी और उमस
एक तरफ जहां उत्तर भारत में आंधी-बारिश का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर के राज्यों में मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग रहने वाला है. असम और मेघालय में लोगों को भारी उमस के साथ तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा. यहां छिटपुट बारिश तो होती रहेगी, लेकिन हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से उमस कम होने का नाम नहीं लेगी. यह स्थिति अगले तीन से चार दिनों तक बनी रह सकती है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ेगी.
मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून धीरे-धीरे उत्तर भारत में आगे बढ़ रहा है. 1 जुलाई तक इसकी उत्तरी सीमा पोरबंदर, मेरठ, करनाल और गुरदासपुर तक पहुंच चुकी थी. इसके असर से आने वाले दिनों में दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है.
इन राज्यों में होगी आफत की भारी बारिश
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बारिश कराने वाली हवाओं का एक नया घेरा बन रहा है. इसके असर से मध्य भारत में अगले पांच-छह दिनों तक मॉनसून की रफ्तार काफी तेज रहने वाली है. गुजरात, कोंकण, तटीय कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों में 20 सेंटीमीटर से भी ज्यादा आफत की बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश का अलर्ट है.

मुंबई में कई इलाकों में भारी बारिश
मुंबई में भी मॉनसून की मूसलाधार बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है, जहां महज 21 घंटों के भीतर कई इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ पानी बरसा है. सांताक्रुज में सबसे ज्यादा करीब 165.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि जुहू एयरपोर्ट और विक्रोली जैसे इलाकों में भी 164.5 मिलीमीटर से ज्यादा पानी गिर चुका है. इसके अलावा राम मंदिर, बांद्रा और विद्याविहार में भी भारी बारिश की वजह से जगह-जगह जलभराव के हालात बन गए हैं, जिसने लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है.
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, वहां खेतों से फालतू पानी निकालते रहें ताकि फसलें खराब न हों. इसके साथ ही, सफर पर निकलने वाले लोगों को भी पहले ट्रैफिक का हाल जानने और जलभराव वाले रास्तों या कमजोर इमारतों से दूर रहने को कहा गया है.