कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा जंतर-मंतर से संसद की तरफ प्रस्तावित आज के मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने एक बेहद कड़ा और अचूक एक्शन प्लान तैयार किया है. 'आजतक' को सूत्रों से मिली Exclusive जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह होने वाले इस प्रदर्शन और मार्च को देखते हुए पूरी नई दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए करीब 5 हजार से ज्यादा दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को जमीन पर उतार दिया गया है. इंटेलिजेंस एजेंसियां और दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच पल-पल की स्थिति पर नजर रख रही हैं और हर घंटे की रिपोर्ट सीनियर अधिकारियों के साथ साझा की जा रही है कि जंतर-मंतर पर कितनी भीड़ जुट रही है.
15 जोन में बंटी नई दिल्ली
सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने नई दिल्ली जिले को कुल 15 जोन में बांट दिया है. सोमवार सुबह 4 बजे से ही दिल्ली पुलिस का पूरा अमला अलर्ट पर रहेगा. इस बार सुरक्षा की कमान सीधे सीनियर ऑफिसर्स के हाथों में है, जहां स्पेशल सीपी, जॉइंट सीपी और डीसीपी रैंक के अधिकारी खुद मौके पर रहकर सुपरविजन करेंगे.
यह भी पढ़ें: 16 दिन से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक का वजन 8.2 किलो कम हुआ, 24 दिन से प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी
पुलिस मुख्यालय से ऑन-ड्यूटी जवानों को सख्त आदेश दिए गए हैं कि प्रदर्शन की आड़ में हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों, लूटपाट, तोड़फोड़ या आगजनी की कोशिश करने वालों से बेहद सख्ती से निपटा जाए.
विजय चौक से लेकर PM आवास तक नो-गो जोन
दिल्ली पुलिस के स्टाफ के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 25 से ज्यादा बटालियन को तैनात किया गया है, जिसमें भारी संख्या में महिला सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं. वीवीआईपी (VVIP) इलाकों की सुरक्षा के लिए विशेष हिदायत दी गई है.
नई दिल्ली के कई ऐसे संवेदनशील इलाके हैं, जहां किसी भी तरह के प्रदर्शन, भीड़ या बाहरी व्यक्ति के आने-जाने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी. इनमें शामिल हैं-
- विजय चौक, संसद मार्ग और इंडिया गेट का आसपास का इलाका.
- प्रधानमंत्री (PM) आवास और गृह मंत्री (HM) आवास के बाहर सुरक्षा का घेरा.
- राष्ट्रपति भवन, सेवा तीर्थ और प्रमुख सेल्फी पॉइंट्स.
- मेट्रो स्टेशन हो सकते हैं बंद, अस्पताल भी अलर्ट पर
वाटर कैनन तैयार
लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने के लिए पुलिस के वज्र वाहन, वाटर कैनन (पानी की बौछार करने वाली गाड़ियां) और दंगा नियंत्रण वाहनों को अलग-अलग रणनीतिक लोकेशंस पर तैनात किया गया है. नई दिल्ली जिले की तरफ आने वाले सभी रास्तों पर कड़े बैरिकेड्स लगाकर हर आने-जाने वाले की सघन चेकिंग की जा रही है.
यह भी पढ़ें: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट में पहुंचे सिंगर काका, अभिजीत दिपके ने दिलजीत दोसांझ पर कसा तंज!
इसके साथ ही, नई दिल्ली जिले के अंतर्गत आने वाले तमाम मेट्रो स्टेशनों पर पुलिस मुस्तैद है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है. जरूरत पड़ने पर कुछ चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद भी किए जा सकते हैं. किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए नजदीकी अस्पतालों को भी अलर्ट पर रहने को कहा गया है.
इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित बीजेपी (BJP) मुख्यालय की सुरक्षा को भी कई गुना बढ़ा दिया गया है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि सोमवार सुबह भीड़ और हालात को देखते हुए इस एक्शन प्लान में मौके पर बदलाव भी किए जा सकते हैं.