scorecardresearch
 

'भारत को नेपाल बनाओगे?', प्रोटेस्ट खत्म होने पर CJP प्रदर्शनकारियों पर हुए हमले!

नीट पेपर लीक आंदोलन खत्म होने के बाद दिल्ली में कई प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट, धमकी और सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं. बीजेपी समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल प्रदर्शनकारियों की पहचान उजागर कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Advertisement
X
प्रदर्शनकारियों के वीडियो/फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं. (Images: Special Arrangement)
प्रदर्शनकारियों के वीडियो/फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं. (Images: Special Arrangement)

नीट पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए छात्र आंदोलन के खत्म होने के बाद अब प्रदर्शनकारियों पर हमले और उन्हें निशाना बनाए जाने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. इससे पहले राइटविंगर कार्यकर्ता सत्यम पंडित द्वारा दो प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था. अब ऐसे कई और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट, धमकी और सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने जैसी घटनाएं दिखाई दे रही हैं.

आंदोलन के समर्थकों ने इन घटनाओं को प्रदर्शन करने की 'सजा' करार देते हुए इसे डराने-धमकाने की कोशिश बताया है. वहीं, बीजेपी समर्थक सोशल मीडिया हैंडल्स इन प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए उनके वीडियो और तस्वीरें शेयर कर रहे हैं.

आंदोलन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी और सुरक्षा बलों के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियों वाले वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इन वीडियो को सरकार का समर्थन करने वाले लोगों को कहना है कि आंदोलन अपनी मर्यादा खो चुका थी. दूसरी ओर, CJP और उसके समर्थकों का कहना है कि ऐसे वीडियो पूरे आंदोलन का प्रतिनिधित्व नहीं करते और कुछ असामाजिक तत्वों की हरकतों के आधार पर पूरे आंदोलन को नहीं आंका जाना चाहिए.

सोशल मीडिया पर पहचान उजागर करने की मुहिम

Advertisement

आंदोलन खत्म होने के बाद बीजेपी समर्थक कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने कुछ छात्र-छात्राओं की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए उनकी पहचान उजागर करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की. कुछ पोस्ट में लोगों से अपील की गई कि इन प्रदर्शनकारियों के पड़ोसियों, सहकर्मियों और कॉलेज साथियों तक उनकी पहचान पहुंचाई जाए.

कनॉट प्लेस में प्रदर्शनकारी से मारपीट

एक वायरल वीडियो में खुद को पत्रकार बताने वाला एक व्यक्ति कनॉट प्लेस में बैठे एक प्रदर्शनकारी से सवाल पूछते हुए उसका गला पकड़ लेता है और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर माफी मांगने का दबाव बनाता है. वीडियो में प्रदर्शनकारी बार-बार उसका हाथ हटाने की गुहार लगाता है, लेकिन उसे धमकियां दी जाती हैं और आखिर में वह माफी मांगता दिखाई देता है.

एक अन्य वीडियो में कनॉट प्लेस में एक युवक का पीछा कर उसके साथ मारपीट की जाती है. कई लोग उसे घूंसे और लात मारते हुए नजर आते हैं, जबकि वह खुद को बचाने की कोशिश करता है. एक अन्य वीडियो में भीड़ एक युवक को घेरकर पीटती हुई दिखाई देती है. बाद में वह सिर पर चोट के साथ ऑटो में बैठा नजर आता है. इसी वीडियो में एक महिला प्रदर्शनकारी को भी भीड़ घेरकर सवाल करती और मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करती दिखाई देती है.

Advertisement

विपक्ष और संगठनों की प्रतिक्रिया

इंडियन यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामले में जवाबदेही की मांग करने वाले छात्रों को डराने और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है. संगठन ने ऐसे लोगों से आगे आने की अपील की है, जिन्हें धमकी मिली हो, हमला हुआ हो या ऑनलाइन निशाना बनाया गया हो. इसी बीच RSS विचारक टी. जी. मोहनदास की टिप्पणी भी विवादों में आ गई, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि अगर वह जिम्मेदारी संभाल रहे होते तो प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश दे देते. विवाद बढ़ने के बाद आरएसएस ने स्पष्ट किया कि यह मोहनदास की निजी राय है और संगठन उससे सहमत नहीं है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement