कर्नाटक में ब्लास्ट की घटना सामने आई है. राजधानी बेंगलुरु के पुलिकेशी नगर इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत में मंगलवार दोपहर संदिग्ध विस्फोट हुआ. पुलिस इस घटना की जांच संभावित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) ब्लास्ट के एंगल से कर रही है. धमाके में दो निर्माण मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. अभी यह साफ नहीं हुआ है कि विस्फोट किस वजह से हुआ और इसमें किसी विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था या नहीं.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमाका दोपहर करीब 2:30 बजे जर्मिया रोड पर एक निर्माणाधीन इमारत में हुआ. घायल मजदूरों की पहचान अलाउद्दीन और सूरज के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों मजदूरों को सड़क पर एक बैग पड़ा मिला था. वे उसे उठाकर इमारत की चौथी मंजिल पर ले गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जब उन्होंने बैग खोला, तभी उसमें विस्फोट हो गया.
धमाके के बाद दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बैग में क्या था और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ.
पांचवीं मंजिल पर चल रहा था निर्माण का काम
बेंगलुरु के पुलिकेशी नगर में हुए धमाके को लेकर पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस को मंगलवार दोपहर विस्फोट की सूचना मिली थी. शुरुआत में इसे बैटरी में धमाका होने की जानकारी दी गई थी. बाद में ज्यादा जानकारी जुटाने के बाद एटीएस और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीमों ने घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने कुछ सामान जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है. धमाका उस इमारत में हुआ, जहां पांचवीं मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था. घटना के वक्त दो लोग वहां मौजूद थे.
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनका इलाज किया गया. इनमें से एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. शुरुआती जांच के मुताबिक, बैटरी चालू करने की कोशिश के दौरान धमाका हुआ हो सकता है. इमारत के मालिक से भी पूछताछ की गई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वहां मौजूद दोनों लोगों ने घटना के बारे में किसी और को जानकारी क्यों नहीं दी. कमिश्नर ने कहा कि धमाका हुआ था, लेकिन इसकी सही वजह का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है.
यह भी पढ़ें: धमाके के बाद छा गया धुआं, 3 मिनट तक दिखना बंद! वाराणसी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट का दहला देने वाला CCTV
IED ब्लास्ट के शक में जांच
पुलिस ने घटनास्थल से सैंपल जुटाए हैं और उन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) भेजा है. फॉरेंसिक रिपोर्ट से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि विस्फोट में किसी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस यानी IED का इस्तेमाल हुआ था या नहीं. फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध विस्फोट मानकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: गुजरात: भरूच में फार्मा कंपनी के रिएक्टर में जोरदार ब्लास्ट, कई मजदूर झुलसे
गृह मंत्री ने क्या कहा?
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और विस्फोट की प्रकृति का पता लगाने के लिए अभी और जानकारी जुटाने की जरूरत है. पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया है. जांच एजेंसियां विस्फोट की वजह और बैग में मौजूद सामग्री का पता लगाने में जुटी हैं. फिलहाल, IED ब्लास्ट की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही विस्फोट की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.