दिल्ली में शनिवार को होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा और दिल्ली के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. वहीं, उत्तर प्रदेश की सभी 10 राज्यसभा सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं. इन खबरों के अलावा, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण की मांग वाली सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया है. पढ़ें शुक्रवार शाम की बड़ी खबरें
दिल्ली में प्रदर्शन से पहले हाई अलर्ट, बॉर्डर पर BSF तैनात, रात 9 बजे सील हो सकती हैं सीमाएं
दिल्ली में शनिवार को होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए नोएडा और दिल्ली के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. नोएडा से दिल्ली जाने वाले सभी बॉर्डर पर पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ाई गई है. चिल्ला बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस के साथ बीएसएफ के जवान भी मोर्चा संभाले हुए हैं. बॉर्डर पर वाहनों की जांच की जा रही है.
'आप पूरा ट्रांसपोर्ट बंद नहीं कर सकते, आवाजाही न रुके', पाबंदियों पर सरकार को SC के निर्देश
दिल्ली में 10 अक्टूबर को सीजेपी के प्रस्तावित प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है. इसके लिए मेट्रो स्टेशनों, रेलवे सेवाओं और सड़कों पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है. CJI ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके लिए आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह बाधित नहीं होनी चाहिए.
जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट में शामिल होंगे अरविंद केजरीवाल, बोले- मेरा परिवार भी जाएगा
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि वह 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले CJP के प्रोटेस्ट में शामिल होंगे. यह प्रदर्शन CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है. उन पर वोट चोरी के आरोप लगाए गए हैं. केजरीवाल ने लोगों से इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की.
आज क्यों मार्केट में आई बड़ी तेजी? सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा, 5 लाख करोड़ की कमाई
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में शानदार रिकवरी देखने को मिली. लार्जकैप स्टॉक में शानदार तेजी की बदौलत सेंसेक्स 879.09 अंक चढ़कर 72,472.33 पर बंद हुआ. इसी तरह, निफ्टी 288.65 अंक चढ़कर 22,520.45 पर बंद हुआ. आज तक के अनुसार, बाजार में शानदार तेजी के कारण बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी बड़ी उछाल देखने को मिली.
यूपी से सभी 10 राज्यसभा उम्मीदवार निर्विरोध जीते, बीजेपी के 8 और सपा के 2 सांसद चुने गए
उत्तर प्रदेश की सभी 10 राज्यसभा सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं. नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी और नाम वापसी की तय समय-सीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने सभी दस उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन की आधिकारिक घोषणा कर दी है. यूपी राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के 8 और सपा के 2 उम्मीदवार राज्यसभा के लिए चुने गए हैं.
नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा जेवर हवाई अड्डे का नाम, योगी कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव पास
UP के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम अब 'नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट' होगा. CM योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि PM मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा कार्यों के सम्मान में कैबिनेट ने नाम परिवर्तन को मंजूरी दी है. CM ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का निरंतर विकास हो रहा है.
हूतियों के अटैक में पायलट समेत 3 सऊदी नागरिकों की मौत, स्कूल-क्लिनिक पर गिरा मलबा
हूती विद्रोहियों के हमले में सऊदी अरब के तीन नागरिकों की मौत हुई है. इसके अलावा राजधानी रियाद में भी तगड़ा नुकसान हुआ है. गुरुवार को हूती विद्रोहियों के ताबड़तोड़ हमले में कई जगह ब्लास्ट हुए थे. गुरुवार को हुआ यह हमला हूतियों का सबसे घातक हमला था. दरअसल, सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच हाल में लड़ाई तेज हुई है.
मध्य प्रदेश में नहीं लागू होगा 27% OBC आरक्षण, हाईकोर्ट ने याचिका की खारिज
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण की मांग वाली सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया है. कोर्ट ने साथ ही 13 फीसदी आरक्षण के तहत रोके गए पदों पर तीन महीने के भीतर अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का आदेश दिया है. कोर्ट ने कहा कि आरक्षण की कुल सीमा 50 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए.
UP सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व अग्निवीरों की भर्ती नियमावली में संशोधन को मंजूरी दे दी गई है. इसके तहत अग्निवीरों को भर्ती में 20% आरक्षण प्रदान किया जाएगा. यह आरक्षण पुलिस, वन, कारागार और परिवहन विभाग की भर्तियों में मिलेगा. पूर्व अग्निवीरों की भर्ती नियमावली में संशोधन के तहत उनकी अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है.
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्रों के ज़बरदस्त आंदोलन और प्रदर्शन के बाद छात्रसंघ चुनावों को कराने की मांग प्रशासन ने मंजूर कर ली है. यानी पूरे 8 साल के लंबे इंतजार के बाद कैंपस में एक बार फिर छात्रसंघ चुनाव होंगे. AMU में अंतिम बार छात्रसंघ चुनाव वर्ष 2018-19 सत्र के लिए आयोजित किए गए थे. इसके बाद से चुनाव पूरी तरह से बंद थे.