बिहार की राजधानी पटना में जेडीयू ने विधान परिषद चुनाव यानी एमएलसी चुनाव में मिली हार को लेकर समीक्षा बैठक की. बैठक के बाद पार्टी ने आधिकारिक बयान जारी किया. राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि हार के कारणों पर फीडबैक लिया गया है और पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी. उधर मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए की बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री के 21 नवंबर के प्रस्तावित बिहार दौरे पर चर्चा हुई.
समीक्षा बैठक के लिए पार्टी ने एमएलसी चुनाव में जिन चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, उन सभी उम्मीदवारों को बुलाया था. उनके साथ जिलाध्यक्षों और चुनाव प्रभारी को भी बुलाया गया. सभी से हार के कारणों पर राय ली गई. राजीव रंजन के मुताबिक समीक्षा के बाद ही पार्टी आगे का फैसला करेगी.
बैठक के लिए जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार भी पार्टी दफ्तर पहुंचे. नीरज कुमार ने पार्टी की समीक्षा बैठक के बाद कहा कि यह बैठक कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के निर्देश पर बुलाई गई थी. इसमें संगठन, सरकार और उम्मीदवारों के चयन समेत कई पहलुओं पर चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि पार्टी मेहनत करती है, लेकिन इसके बावजूद वोट नहीं मिलते तो दुख और निराशा होती है.
जेडीयू के एमएलसी उम्मीदवार अभिषेक झा बैठक खत्म होने के बाद बाहर निकले. अभिषेक झा को निर्दलीय उम्मीदवार बंशीधर बृजवासी से हार मिली थी. बाद में बृजवासी ने बीजेपी को समर्थन देने का ऐलान कर दिया. इसके बाद जेडीयू और बीजेपी के रिश्तों में खटास की खबरें आने लगीं.
यह भी पढ़ें: यूपी के दंगल में JDU! जानिए क्या रहा चुनावी ट्रैक रिकॉर्ड... नीतीश रहे फेल तो निशांत कैसे होंगे सफल?
इन खबरों के बीच राजीव रंजन से पूछा गया कि बीजेपी की तरफ से गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि पार्टी को सभी तथ्यों की जानकारी है. हार के कारणों की समीक्षा हो चुकी है और आगे जो भी निर्णय होगा, लिया जाएगा. साथ ही यह बात भी कही गई कि हमारा गठबंधन फेविकोल की जोड़ की तरह मजबूत है.
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री आवास पर चल रही एनडीए की बैठक खत्म हो गई. बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की. इसमें प्रधानमंत्री के दौरे की समीक्षा की गई. 20 नवंबर को मौजूदा एनडीए सरकार का एक साल पूरा हो रहा है और इसी मौके पर प्रधानमंत्री 21 नवंबर को बिहार आएंगे. इसके अलावा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ आंदोलन की भी समीक्षा हुई.
बैठक के बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जानकारी दी कि दौरे और आंदोलन की समीक्षा हुई. उनसे एमएलसी चुनाव के बाद बीजेपी और जेडीयू के रिश्ते को लेकर भी सवाल पूछा गया.