कांग्रेस ने राज्यसभा चुनावों के लिए अपने 7 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें पवन खेड़ा का नाम शामिल हैं. इस तरह पार्टी उन्हें कर्नाटक से संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) भेज रही है. वहीं, अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा को वर्ल्ड बैंक में भारत का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया है. इन खबरों के अलावा, भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड में तीन दिन के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. पढ़ें शुक्रवार सुबह की बड़ी खबरें.
पवन खेड़ा की तपस्या पूरी हुई? कांग्रेस की बने मुखर आवाज तो तुरंत मिला राज्यसभा का इनाम
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनावों के लिए अपने 7 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें पवन खेड़ा का नाम शामिल हैं. पार्टी उन्हें कर्नाटक से संसद के उच्च सदन भेज रही है. पवन खेड़ा को साल 2022 में राजस्थान से राज्यसभा टिकट न मिलने पर मायूसी हाथ लगी थी. तब पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए लिखा था. 'शायद मेरी तपस्या में कुछ कमी रह गई.'
विश्व बैंक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे नीलकंठ मिश्रा, केंद्र सरकार ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
मशहूर अर्थशास्त्री नीलकंठ मिश्रा को वर्ल्ड बैंक में भारत का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया है. कैबिनेट की नियुक्ति समिति द्वारा मंजूर की गई यह नियुक्ति वॉशिंगटन, DC में वर्ल्ड बैंक के मुख्यालय में तीन साल के कार्यकाल के लिए होगी. नीलकंठ मिश्रा, परमेश्वरन अय्यर की जगह लेंगे. नीलकंठ मिश्रा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर के छात्र रहे हैं.
उत्तराखंड मौसम: देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने दी ये चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड में तीन दिन के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक, 5 जून से 7 जून तक उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में तेज़ बारिश हो सकती है. इस दौरान देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल समेत कई जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि की संभावना है.
हिजबुल्लाह ने सीजफायर ठुकराया, इजरायल की इस शर्त पर अटकी लेबनान डील
ईरान समर्थित हिज़बुल्लाह ने अमेरिका की मध्यस्थता में इज़रायल और लेबनान सरकार के बीच हुए युद्धविराम समझौते को मानने से इनकार कर दिया है. हिज़बुल्लाह का कहना है कि वह इस बातचीत का हिस्सा ही नहीं था, इसलिए उसके बारे में लिया गया कोई भी फैसला स्वीकार्य नहीं है. इसके साथ ही इज़रायल ने भी साफ कर दिया है कि उसकी सेना दक्षिणी लेबनान से पीछे नहीं हटेगी.
दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, 34 IPS और DANIPS अधिकारियों का ट्रांसफर
दिल्ली सरकार ने दिल्ली पुलिस के बेड़े में बड़ा फेरबदल करते हुए कई IPS और डैनिप्स अधिकारियों का तुरंत प्रभाव से तबादला कर दिया गया है. इस आदेश के तहत कई ज़िलों के DCP और अतिरिक्त DCP भी बदले गए हैं. पश्चिम दिल्ली के डीसीपी के रूप में कार्यरत आईपीएस अधिकारी शरद भास्कर दराडे को अब डीसीपी हेडक्वार्टर-III बनाया गया है.
'जहां कांग्रेस होगी, वहां हम नहीं जाएंगे...' DMK ने INDIA गठबंधन की बैठक में आने से किया इनकार
DMK ने 8 जून को नई दिल्ली में होने वाली गठबंधन की बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया है. डीएमके ने इसकी वजह कांग्रेस पार्टी का इस बैठक में मौजूद होना बताया है. डीएमके का कहना है कि जहां कांग्रेस होगी, वहां पार्टी कदम नहीं जाएगी. बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने डीएमके का साथ छोड़कर टीवीके से हाथ मिला लिया था.
बढ़ती लागत का असर! इंडिगो ने थाईलैंड-मलेशिया समेत 6 इंटरनेशनल रूट्स पर लगाया ब्रेक
इंडिगो ने जुलाई महीने से छह डेस्टिनेशंस के लिए अपनी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने का ऐलान किया है. इंडिगो के मुताबिक, मलेशिया के लांगकावी, थाईलैंड के क्राबी और वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी के लिए उड़ानें 1 जुलाई से सस्पेंड यानी बंद कर दी जाएंगी. एयरलाइन ने ये कदम कमजोर मांग और लगातार बढ़ रही ऑपरेटिंग कॉस्ट को देखते हुए उठाया है.