आज शाम की ताजा खबरों की बात करें तो महाराष्ट्र की उद्धव सरकार ने औरंगाबाद और उस्मानाबाद के नाम बदलने की मंजूरी दे दी है. अब औरंगाबाद को 'संभाजी नगर' और उस्मानाबाद को 'धाराशिव' के नाम से जाना जाएगा. वहीं, राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल मर्डर केस में दोनों आरोपियों का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है. जानिए बुधवार शाम की 5 बड़ी खबरें -
1. औरंगाबाद अब संभाजी नगर... उस्मानाबाद का भी नाम बदला, उद्धव का हिंदुत्व कार्ड
महाराष्ट्र में जारी सियासी संकट के बीच उद्धव सरकार ने बड़ा 'हिंदुत्व कार्ड' चला है. उद्धव सरकार ने औरंगाबाद और उस्मानाबाद के नाम बदलने को मंजूरी दे दी है. अब औरंगाबाद को 'संभाजी नगर' और उस्मानाबाद को 'धाराशिव' के नाम से जाना जाएगा. औरंगाबाद का नाम संभाजी नगर रखने की मांग शिवसेना लंबे समय से करती आ रही थी. शिवसेना और उद्धव ठाकरे अक्सर औरंगाबाद को संभाजी नगर कहकर ही संबोधित किया करते थे. वहीं, उस्मानाबाद का नाम भी धाराशिव की मांग शिवसेना की थी.
2. उदयपुर: 45 दिन कराची में ट्रेनिंग, 8-10 नंबरों से बात... आरोपियों का पाकिस्तान कनेक्शन
राजस्थान के उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल मर्डर केस में दोनों आरोपियों का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है. राजस्थान के गृह राज्य मंत्री राजेंद्र यादव ने इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा कि यह मामला दो धर्मों की लड़ाई का नहीं, बल्कि आतंकी हमला है. दो में से एक आरोपी गौस मोहम्मद साल 2014-15 में 45 दिन कराची में ट्रेनिंग लेकर आया है. इतना ही नहीं, साल 2018-19 में गौस मोहम्मद अरब देशों में गया था. पिछले साल नेपाल में भी इसकी लोकेशन सामने आई. राजस्थान सरकार ने अब पूरा मामला नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को सौंप दिया है. आरोपी गौस मोहम्मद और रियाज जब्बर लगातार पाकिस्तान में बैठे लोगों के संपर्क में थे और दोनों ही पाकिस्तान के 8 से 10 नंबर पर लगातार बात कर रहे थे.
3. यूपी-उत्तराखंड समेत इन राज्यों में होगी भारी बारिश, रेड-ऑरेंज अलर्ट जारी
देश के ज्यादातर हिस्सों में मॉनसून की एंट्री हो चुकी है और बारिश जारी है. अब दिल्ली में भी मॉनसून का इंतजार खत्म होने वाला है और अगले एक से दो दिनों के भीतर मॉनसून आ जाएगा. इस बीच, मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों के लिए यूपी, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. ऐसे में आने वाले कुछ दिन इन राज्यों के लोगों के लिए भारी पड़ सकते हैं. मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वी यूपी में दो दिनों (29-30 जून) तक भारी बारिश होगी. इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. एक दिन (29 जून) के लिए उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया. वहीं, पश्चिमी यूपी के लिए तीन दिन (29, 30 जून और एक जुलाई) और हिमाचल प्रदेश के लिए दो दिन (29-30 जून) के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा, दिल्ली और हरियाणा के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
4. भारत को बड़ा झटका, रोहित शर्मा एजबेस्टन टेस्ट से बाहर हुए, बुमराह करेंगे कप्तानी
इंग्लैंड दौरे पर पहुंची टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है. कोरोना पॉजिटिव पाए गए कप्तान रोहित शर्मा एजबेस्टन टेस्ट से बाहर हो गए हैं. अब उनकी जगह टीम इंडिया की कप्तानी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह करते नजर आएंगे.समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रोहित शर्मा दूसरी बार भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. ऐसे में उनका एजबेस्टन टेस्ट में खेलना नामुमिकन है इसलिए जसप्रीत बुमराह को कप्तान बनाया गया है.
5. चीन में जुलाई और अगस्त में आ सकती है भारी आपदा, इन इलाकों के डूबने का खतरा
चीन (China) के दक्षिणी और पूर्वी प्रांतों में भयंकर बाढ़ आई है, जिसके कारण हजारों लोगों को वहां से निकाला गया है. इसके अलावा, पर्ल रिवर बेसिन (Pearl River basin) में दशकों में सबसे ज्यादा बारिश हुई है. कहा जा रहा है कि इस बारिश के जुलाई और अगस्त में भी जारी रहने की संभावना है.