scorecardresearch
 

सिया और साहिल के बीच जमकर लड़ाई...  केतन-चेतन को लेकर वो 10 सवाल जो पूछे गए मां-बाप से

बाली रवाना होने से पहले आखिर कैब में क्या हुआ था? केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में कैब चालक के बयान ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं. ड्राइवर ने रास्ते में सिया गोयल और उसके भाई साहिल के बीच लड़ाई, पासपोर्ट की तलाश और संदिग्ध घटनाक्रम का दावा किया है. वहीं, पुलिस ने सिया के माता-पिता और भाई से करीब 12 घंटे पूछताछ कर चेतन, केतन और रिश्तों को लेकर 10 अहम सवाल किए.

Advertisement
X
सिया के मां-पिता से कई घंटों तक पूछताछ हुई (Photo: AI Generated)
सिया के मां-पिता से कई घंटों तक पूछताछ हुई (Photo: AI Generated)

केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस हाई-प्रोफाइल केस की नई परतें खुलती जा रही हैं. अब जांच में दो ऐसे पहलू सामने आए हैं, जिन्होंने पुलिस की पड़ताल को नई दिशा दे दी है. पहला, बाली प्री-वेडिंग शूट के लिए मुंबई एयरपोर्ट जाते समय कैब में हुआ घटनाक्रम, जहां कथित तौर पर केतन का पासपोर्ट गायब हो गया और रास्ते भर सिया गोयल व उसके भाई साहिल के बीच तीखी बहस होती रही. दूसरा, सिया के माता-पिता और भाई से करीब 12 घंटे तक चली पूछताछ, जिसमें पुलिस ने चेतन चौधरी, केतन अग्रवाल और दोनों परिवारों के रिश्तों को लेकर कई अहम सवाल किए. 

बाली जाने से पहले क्या हुआ था

पुलिस जांच में सामने आया है कि केतन अग्रवाल और सिया गोयल प्री-वेडिंग शूट के लिए इंडोनेशिया के बाली रवाना होने वाले थे. इसके लिए पुणे से मुंबई एयरपोर्ट तक जाने हेतु एक कैब बुक की गई थी. अब उसी कैब के चालक वैभव जाधव ने उस दिन की पूरी यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा की है, जिसे जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कैब चालक वैभव जाधव के अनुसार, उन्होंने सुबह करीब 10 बजे सिया गोयल और उसके भाई साहिल को पुणे से पिकअप किया. ड्राइवर के मुताबिक, शुरुआत में सिया गाड़ी में बैठने के लिए तैयार नहीं थी. इसके बाद उसके भाई साहिल ने उसे समझाकर या जबरन गाड़ी में बैठाया. इसके बाद वे रावेत पहुंचे, जहां से केतन अग्रवाल भी उनके साथ गाड़ी में बैठे. यहीं से मुंबई एयरपोर्ट तक का सफर शुरू हुआ.

Advertisement

रास्ते में क्यों रुकी गाड़ी 

कैब चालक के अनुसार, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक फूड मॉल के पास सिया ने चाय पीने के लिए गाड़ी रुकवाने को कहा. करीब दस मिनट बाद वह वापस लौटी और उसने गाड़ी की डिक्की खोलने के लिए कहा. ड्राइवर का दावा है कि सिया ने अपना पर्स निकाला और उसमें से कुछ सामान लिया. हालांकि उसने यह नहीं बताया कि वह सामान क्या था. करीब 15 से 20 मिनट बाद सभी लोग फिर गाड़ी में बैठे और मुंबई एयरपोर्ट की ओर रवाना हो गए. ड्राइवर के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट पर सभी यात्रियों को उतारने के बाद वह वहां से निकल गया. करीब दो मिनट बाद उसके पास फोन आया कि एक छोटा बैग गाड़ी में छूट गया है. वह करीब 200 मीटर दूर था. वापस लौटकर उसने बैग यात्रियों को सौंप दिया. लेकिन इसके कुछ ही मिनट बाद फिर फोन आया. इस बार कहा गया कि केतन अग्रवाल का पासपोर्ट गाड़ी में रह गया है.

पासपोर्ट की तलाश

कैब चालक ने बताया कि उसने तुरंत गाड़ी की जांच की, लेकिन पासपोर्ट नहीं मिला. इसके बाद यात्रियों ने वीडियो कॉल पर पूरी गाड़ी दिखाने को कहा. वीडियो कॉल के दौरान भी पासपोर्ट नहीं मिला. बाद में उसे दोबारा एयरपोर्ट बुलाया गया, जहां साहिल गोयल और केतन अग्रवाल ने स्वयं पूरी गाड़ी की तलाशी ली, लेकिन तब भी पासपोर्ट बरामद नहीं हुआ. इसके बाद सभी लोग वहां से चले गए. जांच एजेंसियां अब इस पूरे घटनाक्रम को भी महत्वपूर्ण कड़ी मानकर देख रही हैं.

Advertisement

रास्ते भर होता रहा विवाद

कैब चालक ने दावा किया कि पुणे से रावेत तक पूरे रास्ते सिया और उसके भाई साहिल के बीच लगातार बहस होती रही. हालांकि उसने विवाद की वजह स्पष्ट नहीं बताई, लेकिन उसके अनुसार दोनों के बीच माहौल सामान्य नहीं था. ड्राइवर ने यह भी कहा कि जब सिया फूड मॉल के पास डिक्की खुलवाकर अपना पर्स निकाल रही थी, तब उसने उसमें से कुछ सामान भी लिया था. पुलिस अब कैब चालक के बयान का अन्य उपलब्ध साक्ष्यों से मिलान कर रही है.

अब गोयल परिवार से पूछताछ

इधर, मामले की जांच कर रही लोणावला ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल, मां पूजा गोयल और भाई साहिल गोयल से अलग-अलग पूछताछ की. सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई पूछताछ लगभग 12 घंटे तक चली. पूछताछ के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सवाल किए, जिनके जवाब अब जांच का हिस्सा हैं.

सवाल:  क्या आपको पता था कि सिया और चेतन दोस्त थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे?

जवाब:  हमें इसकी कोई जानकारी नहीं थी. सिया ने कभी चेतन के बारे में कुछ नहीं बताया. इसलिए हमें यह भी नहीं पता था कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे या नहीं.

Advertisement

सवाल: क्या सिया ने चेतन से शादी करने की जिद की थी?

जवाब:  सिया ने कभी यह नहीं कहा वह चेतन से शादी करना चाहती है.

सवाल: क्या सिया की सहमति से केतन के साथ रिश्ता तय किया गया था?

जवाब: केतन का रिश्ता मित्तल परिवार की ओर से आया था. हमने पहले सिया को केतन अग्रवाल के बारे में बताया और उसकी तस्वीरें दिखाईं. उसकी सहमति मिलने के बाद ही अग्रवाल परिवार से आगे बात की गई. शादी का अंतिम फैसला लेने से पहले भी हमने यह सुनिश्चित किया कि सिया को केतन पसंद है. उसके हां कहने के बाद ही सगाई की गई.

सवाल: क्या सिया को केतन का स्वभाव पसंद नहीं था?

जवाब: रिश्ता तय होने के बाद दोनों की बातचीत शुरू हुई. सगाई के बाद वे कई बार मिले, साथ घूमने भी गए. केतन कई बार हमारे घर भी आए, लेकिन सिया ने कभी यह शिकायत नहीं की कि उसे केतन का स्वभाव पसंद नहीं है.


सवाल: क्या सिया पर केतन से शादी करने का दबाव डाला जा रहा था?

जवाब: सिया ने कभी नहीं कहा कि वह मजबूरी में शादी कर रही है. वह हमारी लाडली बेटी है, इसलिए हमने उस पर किसी तरह का दबाव नहीं डाला.

Advertisement

 सवाल: क्या आपको यह नहीं पता था कि रिश्ता तय होने के बाद भी सिया चेतन से मिलती थी?

जवाब: हमें इसकी बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी.

सवाल: क्या आपको यह भी नहीं पता था कि साहिल और चेतन दोस्त हैं?

जवाब: साहिल ने खुद बताया है कि वह चेतन का दोस्त है. दोनों क्रिकेट खेलने के दौरान एक ही मैदान पर मिलते थे. साहिल के कई दोस्त हैं, चेतन उनमें से एक हो सकता है. लेकिन हमने दोनों को कभी साथ नहीं देखा.

सवाल: क्या आपको केतन की हत्या की साजिश के बारे में कोई जानकारी थी?

जवाब: आज भी हमें विश्वास नहीं होता कि सिया ऐसा कुछ कर सकती है. केतन हमारे घर आते थे, सिया के साथ घूमने जाते थे. हमने हमेशा दोनों को हंसते-मुस्कुराते देखा. इसलिए हमारे मन में कभी यह शक नहीं आया कि किसी तरह की साजिश रची जा रही है.

सवाल:  क्या कभी ऐसा लगा कि सिया और केतन के रिश्ते में कोई गंभीर समस्या है?

जवाब : परिवार ने कहा कि उन्हें ऐसा कभी महसूस नहीं हुआ. दोनों सामान्य रूप से मिलते-जुलते थे और परिवार के सामने किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ.

सवाल:  क्या सिया के व्यवहार में ऐसा कोई बदलाव दिखा, जिससे किसी साजिश का अंदेशा हो?

Advertisement

जवाब:  परिवार का कहना है कि उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि सिया किसी बड़ी योजना का हिस्सा हो सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement