महाराष्ट्र के कोल्हापुर से शिवसेना विधायक राजेश क्षीरसागर ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि वीडियो में उन्हें किसी सरकारी ठेकेदार से कथित तौर पर 'कमीशन' की रकम पर बातचीत करते हुए दिखाया गया है, लेकिन यह वीडियो AI की मदद से तैयार किया गया है और उसमें उनकी आवाज डब की गई है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश क्षीरसागर ने इस वीडियो को उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की साजिश बताया. उन्होंने इस मामले को लेकर विपक्ष, खासकर कांग्रेस एमएलसी सतेज पाटिल पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनके खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है.
शिवसेना विधायक ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत साइबर पुलिस से की है और वीडियो की तकनीकी जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनकी टीम भी पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और कानूनी कार्रवाई के सभी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है.
क्षीरसागर ने दावा किया कि वायरल वीडियो AI तकनीक का इस्तेमाल कर तैयार किया गया है और उसमें उनकी आवाज को डब किया गया है. उन्होंने कहा कि यह वीडियो पहली बार 14 जनवरी को, कोल्हापुर नगर निगम चुनाव से दो दिन पहले वायरल हुआ था. उन्होंने यह भी कहा कि उस चुनाव में पहली बार महायुति को नगर निगम की सत्ता मिली थी. फिलहाल साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है. वीडियो की प्रामाणिकता और विधायक के दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.